दहेज हत्या के एक मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने कड़ी टिप्पणी करते हुए बहुओं को प्रताड़ित करने और उनकी हत्या की प्रथा को भारतीय समाज की दयनीय सच्चाई और सामूहिक शर्म कहा है। न्यायमूर्ति विमल कुमार यादव की पीठ ने कहा कि यह प्रथा दूसरे समाजों में लगभग न के बराबर है, जबकि भारतीय समाज में यह बड़े पैमाने पर फैली हुई है। शायद इसी कारण ऐसे अपराधों से निपटने के लिए आपराधिक कानून में विशेष प्रावधान किए गए हैं।
अदालत ने यह टिप्पणी एक महिला की मौत के मामले में उसके पति और परिवार के सदस्यों को दोषी ठहराने के ट्रायल कोर्ट के फैसले के खिलाफ दायर याचिका पर की। महिला ने अक्टूबर 2001 में शादी के दो साल के भीतर ससुराल में खुद को आग लगा ली थी। पीठ ने कहा कि किसी की हत्या करना या उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करना बेहद निंदनीय है। अदालत ने कहा कि शादी दो व्यक्तियों और परिवारों का मिलन है, लेकिन इसके बाद भी महिलाओं को दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न और क्रूरता झेलनी पड़ती है, और कई बार इसका अंत उनकी मौत, आत्महत्या या तलाक के रूप में होता है।
पीठ ने कहा कि दूल्हा-दुल्हन के परिवारों के बीच उपहारों का आदान-प्रदान दुनिया के कई समाजों में होता है, लेकिन दहेज के लिए बहुओं को परेशान करना और उनकी हत्या करना घिनौनी प्रथा है। कोर्ट ने कहा कि महिला अपने ससुराल में सुखद वैवाहिक जीवन की उम्मीद लेकर आती है और अपने माता-पिता तथा अन्य रिश्तेदारों को पीछे छोड़ती है, इसलिए पति से प्यार, देखभाल, सुरक्षा और सम्मान की अपेक्षा करना स्वाभाविक है। पत्नी की देखभाल करना पति का प्रमुख कर्तव्य और जिम्मेदारी है। अदालत ने यह भी कहा कि वैवाहिक क्रूरता के मामलों को साबित करना कठिन हो सकता है, क्योंकि ऐसी घटनाएं अक्सर घर की चारदीवारी के भीतर होती हैं और अभियोजन पक्ष को आरोप संदेह से परे साबित करना होता है।
महिला के माता-पिता ने आरोप लगाया था कि उससे मोटरसाइकिल, गैस स्टोव, पानी की मोटर और 25,000 रुपये की मांग की गई थी। ट्रायल कोर्ट ने पति को आईपीसी की धारा 498ए (क्रूरता) और 304बी (दहेज मृत्यु) के तहत दोषी ठहराया था। हाई कोर्ट ने पाया कि अभियोजन पक्ष यह साबित नहीं कर सका कि मौत से ठीक पहले दहेज मांग को लेकर महिला के साथ क्रूरता हुई थी, जो धारा 304बी में सजा के लिए जरूरी है। हालांकि, अदालत ने पति को पत्नी के साथ क्रूरता और आत्महत्या के लिए उकसाने का दोषी माना और कहा कि लगातार कलह और भरोसा तोड़ना क्रूरता थी। अदालत ने पति के पिता और भाई को अस्पष्ट और सामान्य आरोपों के चलते सभी आरोपों से बरी कर दिया।
