दिल्ली में इस वीकेंड खानपान के शौकीनों के लिए दो बड़े फूड फेस्टिवल आयोजित हो रहे हैं। इन आयोजनों में राजस्थान के पारंपरिक व्यंजनों से लेकर स्ट्रीट फूड, अंतरराष्ट्रीय व्यंजन, लाइव म्यूजिक और शॉपिंग का आनंद लिया जा सकेगा।
'केसरिया राजस्थान-ए फीस्ट ऑफ रॉयल फ्लेवर्स एंड टाइमलेस ट्रेडिशंस' फूड फेस्टिवल में राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजन परोसे जा रहे हैं। मेन्यू में दाल-बाटी-चूरमा और जोधपुर की प्याज कचौरी खास आकर्षण हैं। इनके अलावा कैर-सांगरी, सेव-टमाटर की सब्जी और गट्टे का पुलाव जैसे पारंपरिक स्वाद भी मिलेंगे। लाइव काउंटरों पर मेहमानों के सामने दाल-बाटी-चूरमा, भरवां प्याज कचौरी, राजस्थानी चाट, भजिये और पकौड़े तैयार किए जाएंगे। मीठे के शौकीनों के लिए मालपुआ-रबड़ी, घेवर, मोहनथाल, चूरमा लड्डू, बीकानेरी रसगुल्ला और बालूशाही जैसे विकल्प हैं।
हॉर्न ओके प्लीज के 17वें संस्करण में 100 से अधिक फूड ब्रांड हिस्सा लेंगे, जहां पांच हजार से ज्यादा तरह के व्यंजनों के विकल्प मिलेंगे। भारतीय स्ट्रीट फूड से लेकर एशियन, यूरोपियन, मिडिल ईस्टर्न और फ्यूजन कुजीन तक के स्वाद एक ही जगह पर मिलेंगे। फूड लाइनअप में उमामी वोक, नोडो, टेम्प्डएएफ, स्क्वीजी, श्री नामेश्वरम, प्रिंस चाट, टुंडे कबाबी और डेजर्ट जयपुर जैसे नाम शामिल हैं।
खाने के साथ संगीत का शौक रखने वालों के लिए मंच पर अम्मी विर्क, मनिंदर बुट्टर, अफसाना खान, प्रेम ढिल्लों, सोनू ठकराल और किरन बाजवा अपनी प्रस्तुति देंगे। क्विर्क बाजार में 50 से अधिक फैशन और लाइफस्टाइल पॉप-अप स्टॉल पर खरीदारी का मौका मिलेगा। इवेंट के सह-संस्थापक एवं आयोजक दिगंत शर्मा का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य हर साल नए अनुभवों के साथ शहरवासियों को विविधता का जश्न मनाने का मौका देना है।
