धार जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में रविवार को प्रतिबंधित नायलॉन डोर की चपेट में आने से 13 वर्षीय बालक अल्तमश गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, अल्तमश अपनी दादी के साथ मजार पर दर्शन करने गया था और दोनों दर्शन के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हवा में लटक रही प्रतिबंधित नायलॉन डोर अचानक उसकी गर्दन में उलझ गई, जिससे गर्दन कट गई और वह लहूलुहान हो गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।

नायलॉन और चाइना डोर की बिक्री व उपयोग पर प्रतिबंध के बावजूद जिले में इसका इस्तेमाल थम नहीं रहा है। प्रशासन और पुलिस समय-समय पर कार्रवाई के दावे करते हैं, लेकिन बाजार में प्रतिबंधित डोर की उपलब्धता हादसों की वजह बन रही है। पतंग उड़ाने के लिए इस्तेमाल होने वाली यह धारदार डोर राह चलते लोगों, बाइक सवारों और बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो रही है।

धार में प्रतिबंधित चाइना डोर से पहले भी एक दर्दनाक हादसा हो चुका है। जनवरी 2024 में हटवाड़ा क्षेत्र में पिता के साथ बाइक पर जा रहे छह वर्षीय कनिष्क चौहान की गर्दन चाइना डोर से कट गई थी और गंभीर चोट के कारण उसकी मौत हो गई थी। पुराने हादसे के बावजूद प्रतिबंधित डोर का इस्तेमाल जारी रहना प्रशासनिक कार्रवाई और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।