पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ ने मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में अपने म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान एक्ट्रेस सान्या मल्होत्रा को स्टेज पर बुलाया और उनके साथ डांस किया। सिंगर ने यह पल इंस्टाग्राम पर साझा किया है। कॉन्सर्ट में भीड़ के बीच करिश्मा कपूर भी दिखीं, जो दिलजीत की परफॉर्मेंस को अपने कैमरे में रेकॉर्ड करती नजर आईं।
इस कॉन्सर्ट से पहले दिलजीत को इसे बम से उड़ाने की धमकियां मिली थीं, जिसके बाद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था के लिए 500 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। बीडीडीएस की टीमों ने इवेंट से पहले कार्यक्रम स्थल की जांच की, और धमकी के चलते सभी पांचों गेटों पर सुरक्षा जांच की व्यवस्था की गई थी। पुलिस की सहायता के लिए प्राइवेट गार्ड्स भी तैनात किए गए थे।
वीडियो में दिलजीत ने स्टेज से सान्या की तरफ हाथ बढ़ाकर उन्हें स्टेज पर बुलाया। इसके बाद सिंगर 'चार्मर' गाना गाने लगे और दोनों ने स्टेज पर डांस किया। सान्या इस दौरान खुश और सरप्राइज नजर आईं। वीडियो साझा करते हुए दिलजीत ने लिखा, 'मुंबई में सान्या जी के साथ, क्या चार्म है।' गाना 'चार्मर' दिलजीत के एल्बम 'औरा' का हिस्सा है, जिसे राज रंजोध ने लिखा और कंपोज किया है, जबकि म्यूजिक प्रोडक्शन एवी सरा ने किया है।
कॉन्सर्ट में करिश्मा कपूर भी अपने दोस्तों के साथ भीड़ में नजर आईं और दिलजीत के गानों पर झूमती दिखीं। परफॉर्मेंस से पहले दिलजीत ने मिली धमकियों पर भी बात की और कहा कि वे धमकियों के बावजूद प्यार से ही जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि कोई दिलजीत के शो में न जाए और लोग डर जाएं, लेकिन उनकी तरफ से प्यार है। सिंगर ने तगड़ी सिक्योरिटी के लिए मुंबई पुलिस को धन्यवाद भी कहा है।
