सुकेश चंद्रशेखर ने नेटफ्लिक्स पर प्रस्तावित अपनी जीवनी पर आधारित डॉक्यूमेंट्री पर आपत्ति जताई है। उनके वकील अनंत मलिक ने नेटफ्लिक्स और इंडिया टुडे ग्रुप को कानूनी नोटिस भेजकर डॉक्यूमेंट्री की रिलीज रोकने की मांग की है। 'लव, स्कैम और धोखा: द सुकेश चंद्रशेखर स्टोरी' नाम की यह डॉक्यूमेंट्री 18 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होनी है। खबर है कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इस मामले में नेटफ्लिक्स से सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है।

27 नवंबर को जारी एक आधिकारिक पत्र (संदर्भ संख्या: J-11013/19/2025-DM) में मंत्रालय ने यह कदम आपराधिक मुकदमों के लंबित रहने के दौरान प्रसारण पर आपत्ति जताने वाली याचिका के बाद उठाया है। मंत्रालय ने दिल्ली की मंडोली जेल में न्यायिक हिरासत में बंद सुकेश की ओर से एडवोकेट अनंत मलिक द्वारा पेश की गई कॉपी नेटफ्लिक्स को भेजी है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के डेप्युटी डायरेक्टर (डिजिटल मीडिया) क्षितिज अग्रवाल के हस्ताक्षर से जारी पत्र में कहा गया है कि इसे सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी से जारी किया गया है।

मंत्रालय ने स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म से कहा है कि वह सूचना प्रौद्योगिकी नियम, 2021 और लागू भारतीय कानूनों के तहत कॉपी में उठाए गए मुद्दों की जांच करे और पत्र मिलने के सात दिनों के भीतर अपना जवाब दे। मंत्रालय ने आचार संहिता का हवाला देते हुए कहा कि ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के लिए यह अनिवार्य है कि वे कानून द्वारा रोकी गई किसी भी सामग्री का प्रसारण न करें और उचित सावधानी व विवेक का प्रयोग करें। हालांकि इस पत्र में डॉक्यूमेंट्री की रिलीज पर किसी तरह की रोक, प्रतिबंध या स्थगन का निर्देश नहीं दिया गया है।

वकील अनंत मलिक के मुताबिक, सुकेश के खिलाफ कथित 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली और तिहाड़ जेल से जुड़े मामलों की सुनवाई अदालत में चल रही है। राउज एवेन्यू कोर्ट में मकोका के तहत दर्ज मामले में गवाहों के बयान दर्ज हो रहे हैं और अगली सुनवाई 30 नवंबर को है। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉक्यूमेंट्री बनाने वालों ने सुकेश से संपर्क नहीं किया और न ही उनके नाम, तस्वीर, आवाज या जीवन की कहानी के इस्तेमाल की अनुमति ली। नोटिस में नेटफ्लिक्स और इंडिया टुडे को जवाब के लिए 72 घंटे का समय दिया गया है, और मांगें न माने जाने पर दिल्ली हाईकोर्ट का रुख करने की बात कही गई है।