नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म रामायणम् में कुंभकरण का किरदार निभाने वाले अभिनेता फैसल मलिक ने फिल्म के वीएफएक्स (VFX) को मिल रही आलोचना पर प्रतिक्रिया दी है। फिल्म के विजुअल्स की तुलना एआई (AI) से की गई थी और कुछ लोगों ने वीएफएक्स का मजाक भी उड़ाया था। एक बातचीत में फैसल मलिक ने कहा कि ज्यादातर शूटिंग अलग से की गई है और फिल्म के दूसरे हिस्से में उनके कुछ अहम सीन हैं। उन्होंने बताया कि रावण के कुंभकर्ण के हाथ पर चलकर आशीर्वाद देने वाले हिस्से को अलग से शूट किया गया, जिसमें आंखों, चेहरे और शरीर की गतिविधियों पर खास ध्यान दिया गया।

फैसल मलिक ने कहा कि उन्होंने 'लॉर्ड ऑफ द रिंग्स' और 'अवतार' जैसी फिल्मों के मेकिंग वीडियो देखे थे, लेकिन यहां उन्हें खुद इस प्रक्रिया का हिस्सा बनने का मौका मिला। उनके मुताबिक, आने वाले समय में भारतीय सिनेमा में इससे भव्य कुछ और देखने को नहीं मिलेगा।

विजुअल्स की आलोचना करने वालों पर उन्होंने कहा कि एक सीन पर हजारों लोगों का काम करना, जिसमें विदेशी क्रू भी शामिल है, वाकई कमाल की बात है। एक किरदार और एक सीन के लिए कई टीमें महीनों तक चीजों को बेहतर बनाने में जुटी रहती हैं। उन्होंने कहा कि आलोचना करना और यह कह देना कि 'यह तो एआई है', बहुत आसान है, लेकिन सच यह है कि ज्यादा लोग सीजीआई (CGI) और एआई के बीच का फर्क ही नहीं समझते।

रणबीर कपूर स्टारर यह पौराणिक फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने महज 23 दिनों में 1800 करोड़ रुपये के करीब कारोबार कर लिया है।