हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे को अत्यंत पवित्र और पूजनीय माना गया है। मान्यता है कि तुलसी में माता लक्ष्मी का वास होता है और तुलसी दल भगवान विष्णु को भी प्रिय है। ज्योतिष एक्सपर्ट पिनाकी मिश्रा के अनुसार, प्रचलित धार्मिक मान्यताओं में रविवार के दिन तुलसी पूजा के कुछ विशेष नियम बताए गए हैं।

मिश्रा के मुताबिक, रविवार को तुलसी के पौधे में जल अर्पित नहीं करना चाहिए। माना जाता है कि इस दिन माता तुलसी भगवान विष्णु के निमित्त व्रत करती हैं, ऐसे में जल चढ़ाने से उनके व्रत में व्यवधान आ जाता है। कुछ परिवारों में रविवार को तुलसी को विश्राम देने की परंपरा भी है। इसी तरह, इस दिन तुलसी दल और मंजरी तोड़ना भी वर्जित माना जाता है। वैष्णव धर्म ग्रंथ हरिभक्ति विलास के सप्तम विलास में तुलसी दल ग्रहण करने के नियमों और निषिद्ध अवसरों का वर्णन है, जिसमें विशेष रूप से द्वादशी तिथि पर तुलसी दल न तोड़ने का विधान बताया गया है। पूजन के लिए आवश्यक तुलसी दल शनिवार को ही रख लेने चाहिए, और स्वतः गिरे हुए स्वच्छ पत्तों का भी श्रद्धानुसार प्रयोग किया जा सकता है।

रविवार को सुबह जल्दी उठकर स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करें और तुलसी के आसपास की जगह साफ करें। तुलसी माता को प्रणाम करते हुए भगवान विष्णु और लक्ष्मी माता का स्मरण करें तथा 'ओम नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जप करें। यह दिन सूर्यदेव को समर्पित है, इसलिए उनकी उपासना और अर्घ्य भी शुभ माना जाता है। शाम के समय तुलसी के समीप दीपक अवश्य जलाएं और परिवार की सुख-शांति की कामना करें।

दीपक जलाने के लिए मिट्टी या पीतल के पात्र में रूई की बत्ती का प्रयोग करें और शुद्ध देसी घी या तिल के तेल का उपयोग शुभ माना जाता है। माता तुलसी और श्रीहरि का स्मरण करते हुए मंत्र का 11 या 108 बार जप करें, फिर आरती कर परिवार के मंगल और सुख-समृद्धि की कामना करें। तुलसी के आसपास गंदगी, कूड़ा या जूते-चप्पल न रखें और पौधे की पत्तियों व टहनियों को अनावश्यक रूप से क्षति न पहुंचाएं। दीपक की लौ से भी पत्तियों और सूखी टहनियों को बचाएं।