पूर्वी चंपारण के पीपराकोठी में गुरुवार की रात चांदसरैया स्थित ओवरब्रिज के पास डीजल टैंकर लदी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि टैंकर से बड़ी मात्रा में डीजल सड़क पर फैल गया।

जानकारी के अनुसार, पिकअप मधुबन से डीजल लेकर रक्सौल की ओर जा रही थी। पीपराकोठी ओवरब्रिज पार कर नीचे उतरते ही वाहन के एक चक्के से तेज आवाज हुई, जिसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप पलटते हुए विपरीत दिशा में घूम गई। दुर्घटना में मधुबन थाना क्षेत्र निवासी चालक अरुण कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। राष्ट्रीय राजमार्ग के कर्मियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति संभालने में सहयोग किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया।

इधर, हादसे के बाद सड़क पर बहते डीजल को देखकर आसपास के ग्रामीण बाल्टी, गैलन और अन्य बर्तन लेकर पहुंच गए और ईंधन भरकर ले जाने लगे। कई लोग घायल चालक की मदद करने के बजाय डीजल इकट्ठा करने में लगे रहे। घटनास्थल पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।