प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नामित राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू को निवेशकों से कथित करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में पूछताछ के लिए समन भेजा है। यह मामला पंजाब की एक कंपनी से जुड़ा है। संधू चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के चांसलर भी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, 57 वर्षीय संधू को पहले 12 नवंबर को पेश होने के लिए कहा गया था, लेकिन वह नहीं पहुंचे। अब उन्हें 25 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इस संबंध में सांसद की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
जांच एजेंसी के अनुसार, यह मामला 'व्यू नाउ' नाम की कंपनी से जुड़ा है। आरोप है कि कंपनी ने करोड़ों रुपये के 'क्लाउड पार्टिकल घोटाले' को अंजाम दिया, जिसके जरिए आम लोगों की मेहनत की कमाई कथित तौर पर आरोपियों ने हड़प ली। ईडी का आरोप है कि संधू से जुड़ी कुछ संस्थाओं को समूह की कंपनियों से धनराशि मिली थी। अधिकारियों ने बताया कि इन लेन-देन की प्रकृति और उद्देश्य का पता लगाने के लिए संधू को बुलाया गया है। हालांकि, मामले में उनकी कोई सीधी भूमिका नहीं बताई गई है।
इस मामले में ईडी अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें समूह के सीईओ और संस्थापक सुखविंदर सिंह खारौर तथा उनकी पत्नी डिंपल खारौर शामिल हैं। प्रवर्तन निदेशालय 2024 से इस मामले की जांच कर रहा है। जांच धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) और विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (एफईएमए) के तहत की जा रही है।