अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने भारत के विमानन सुरक्षा निगरानी मानकों का पांच दिवसीय ऑडिट पूरा कर लिया है। यह ऑडिट 16 नवंबर को शुरू हुआ था और इसमें मुख्य रूप से विमान संचालन, विमानों की उड़ान-योग्यता और कार्मिक लाइसेंसिंग के क्षेत्रों को शामिल किया गया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, ऑडिट पूरा होने के बाद नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। फिलहाल इस संबंध में तत्काल और जानकारी नहीं मिल सकी। एफएए के इस ताजा ऑडिट का अंतिम नतीजा परामर्श के बाद आने में कम से कम कुछ महीने लगने की संभावना है।
एफएए अपने अंतरराष्ट्रीय विमानन सुरक्षा आकलन (आईएएसए) कार्यक्रम के तहत यह तय करता है कि अमेरिका के लिए उड़ानें संचालित करने या शुरू करने की इच्छुक, अथवा किसी अमेरिकी विमानन कंपनी के साथ कोड शेयर करने वाली विमानन कंपनियों पर संबंधित देश की निगरानी अंतरराष्ट्रीय नागर विमानन संगठन (आईसीएओ) के सुरक्षा मानकों के अनुरूप है या नहीं। भारत को फिलहाल इस कार्यक्रम के तहत श्रेणी 1 का दर्जा प्राप्त है, जो देश के विमानन सुरक्षा निगरानी मानकों के लिए एक अहम स्वीकृति माना जाता है। एफएए के पिछले ऑडिट में भी भारत ने श्रेणी 1 का दर्जा बरकरार रखा था।
उल्लेखनीय है कि जनवरी 2014 में एफएए ने भारत का दर्जा घटाकर श्रेणी 2 कर दिया था, जिसके बाद जरूरी सुधारात्मक कदम उठाए जाने पर 2015 में श्रेणी 1 का दर्जा बहाल कर दिया गया था। फिलहाल एयर इंडिया एकमात्र भारतीय विमानन कंपनी है, जो अमेरिकी शहरों के लिए सीधी उड़ानें संचालित करती है।
