आजमगढ़ के मुबारकपुर के पुरुषोत्तमपुर गांव निवासी 40 वर्षीय पंचनारायण सिंह उर्फ अजय दिल्ली में रहकर मजदूरी करते थे। उनकी पत्नी शैलेश काफी समय से कैंसर से जूझ रही थीं और दिल्ली के एक कैंसर अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। शुक्रवार को चिकित्सकों ने बीमारी अंतिम अवस्था में बताते हुए उन्हें घर ले जाकर देखभाल करने की सलाह दी।

इसके बाद पंचनारायण अपनी पत्नी शैलेश, 10 वर्षीय बेटे पीयूष, जीयनपुर क्षेत्र के बेरमा गांव निवासी 35 वर्षीय साले राजकुमार और महराजगंज थाना क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय साढ़ू मनोज सिंह के साथ कार से अपने पैतृक घर लौट रहे थे। कार मनोज सिंह चला रहे थे।

शुक्रवार की रात शामली जनपद के बहजोई थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर टोल संख्या 112 के पास उनकी कार आगे चल रही गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चला रहे मनोज मौके से फरार हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा के कर्मचारियों ने घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पंचनारायण सिंह, उनके इकलौते बेटे पीयूष और साले राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल शैलेश को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। घटना की खबर मिलते ही स्वजन में चीख-पुकार मच गई।