गाजियाबाद की क्राइस्ट यूनिवर्सिटी के छात्रावास में रैगिंग के नाम पर एमबीए प्रथम वर्ष के एक छात्र के साथ कथित उत्पीड़न का मामला सामने आया है। छात्र के पिता का आरोप है कि सीनियर छात्रों ने उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया, जिसके चलते उसे चार दिन तक आईसीयू में भर्ती रहना पड़ा। शिकायत के आधार पर नंदग्राम थाने में तीन छात्रों समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

सुल्तानपुर के पुरोत्तमपुर निवासी शिव कुमार मिश्रा के बेटे सत्यम मिश्रा मरियमनगर स्थित क्राइस्ट यूनिवर्सिटी में एमबीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं और कॉलेज के छात्रावास में रहते हैं। पिता के अनुसार, 11 नवंबर को छात्रावास के क्राइस्ट हाल स्थित कमरा नंबर 313 में उनके बेटे के साथ गंभीर घटना हुई। शिकायत में सीनियर छात्र हर्षित, मुनीब और प्रथम पर उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि प्रताड़ना के कारण सत्यम की हालत बिगड़ गई और उसे चार दिन तक आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा।

पिता का आरोप है कि उन्होंने घटना की शिकायत ई-मेल के जरिए कुलपति, वार्डन और कॉलेज के संबंधित अधिकारियों को भी भेजी थी, लेकिन कार्रवाई को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। 26 नवंबर को कॉलेज प्रबंधन ने उन्हें बैठक के लिए बुलाया था, जिसमें डीन ने कहा कि उन्हें कॉलेज में हो रही प्रताड़ना की कोई जानकारी नहीं है। पिता ने हॉस्टल वार्डन और डीन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं और साक्ष्य मिटाने तथा आरोपियों को बचाने की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पिता की शिकायत पर नंदग्राम पुलिस ने तीन छात्रों समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।