गाजीपुर के रेवतीपुर क्षेत्र के डेढ़गांव निवासी किसान कृष्णानंद कुशवाहा उर्फ भानु पिछले करीब 20 वर्षों से पारंपरिक खेती के बजाय ग्लेडियोलस और गेंदा की खेती कर रहे हैं। करीब तीन बीघा में फैली उनकी फूलों की खेती से उनकी आमदनी बढ़ी है और गांव की करीब आधा दर्जन महिलाओं को घर के पास रोजगार भी मिला है। कृष्णानंद बताते हैं कि पहले वे पारंपरिक खेती करते थे, लेकिन बेहतर आमदनी की तलाश में फूलों की खेती शुरू की। अभी एक बीघा में ग्लेडियोलस और शेष क्षेत्र में गेंदा सहित अन्य फूलों की खेती हो रही है। बीज कोलकाता से मंगाए जाते हैं। अक्टूबर से मार्च तक ग्लेडियोलस और मार्च में गेंदे की फसल लगाई जाती है।
ग्लेडियोलस की खेती में प्रति बीघा करीब 40 से 50 हजार रुपये और गेंदा की खेती में लगभग 20 हजार रुपये लागत आती है। अच्छी पैदावार और बाजार मिलने पर प्रति बीघा एक से डेढ़ लाख रुपये तक की आमदनी हो जाती है। फूलों की बिक्री के लिए स्थानीय बाजार के साथ दूसरे शहरों का भी सहारा मिलता है। ग्लेडियोलस के फूल गाजीपुर और मऊ की मंडियों के अलावा बिहार की राजधानी पटना तक भेजे जाते हैं, जहां इनकी अच्छी मांग रहती है। फूलों से माला तैयार कर बेचने से भी अतिरिक्त आमदनी होती है।
फूलों की खेती ने गांव की महिलाओं के लिए भी रोजगार का रास्ता खोला है। करीब आधा दर्जन महिलाएं फूलों की तुड़ाई और माला बनाने के काम में जुटी हैं। इससे उन्हें गांव में ही काम मिल रहा है और वे परिवार की आर्थिक जरूरतों में सहयोग कर रही हैं। कृष्णानंद का यह प्रयास क्षेत्र के दूसरे किसानों के लिए प्रेरणादायक है। इससे साबित होता है कि परंपरागत फसलों के साथ फूलों जैसे विकल्प अपनाकर किसान आमदनी बढ़ाने के साथ ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार भी पैदा कर सकते हैं।
