सोने के भाव में भारी गिरावट के कारण गोल्ड लोन लेने वाले ग्राहकों की चिंता बढ़ गई है। सहारनपुर से मिली जानकारी के अनुसार सोने का भाव करीब 1.75 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से घटकर लगभग 1.15 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है, जिससे गिरवी रखे गहनों की मौजूदा कीमत में करीब 34 प्रतिशत तक की कमी आई है। कर्ज की रकम और ब्याज पहले की तरह बरकरार है, जिससे बैंकों और वित्त कंपनियों के लिए लोन की सुरक्षा का गणित बदल गया है।
उदाहरण के तौर पर जब सोने का भाव 1.75 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम था, तब 75 प्रतिशत लोन-टू-वैल्यू अनुपात पर करीब 1.31 लाख रुपये तक कर्ज मिल सकता था। अब इसी अनुपात से यह पात्रता घटकर लगभग 86 हजार रुपये रह गई है। सबसे अधिक दबाव उन ग्राहकों पर है, जिन्होंने निजी वित्त कंपनियों से 20 से 24 प्रतिशत तक ब्याज पर कर्ज लिया है, जबकि सरकारी बैंकों में यह दर करीब 8.65 से 10 प्रतिशत सालाना बताई जाती है।
एसबीआई से सेवानिवृत्त सीनियर मैनेजर अशोक कुमार के अनुसार पिछले करीब एक दशक में बैंकों से गोल्ड लोन लेने वालों की संख्या में सालाना 20 से 25 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। पीएनबी बैंक से सेवानिवृत्त सीनियर मैनेजर आशीष राय के मुताबिक जिन खातों में बकाया कर्ज की तुलना में गिरवी सोने की मौजूदा कीमत का अंतर कम हुआ है, उनकी समीक्षा की जा रही है। समय पर किस्त और ब्याज का भुगतान न होने पर ग्राहकों को नोटिस भेजा जा सकता है और भुगतान नहीं होने पर नियमानुसार गिरवी सोने की नीलामी की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है।
लोन विशेषज्ञ अमितेंद्र सिंह ने ब्याज दरों के अंतर को बड़ी चुनौती बताया। एक लाख रुपये के कर्ज पर 9.25 प्रतिशत ब्याज के हिसाब से सालाना 9,250 रुपये देने होंगे, जबकि 24 प्रतिशत की दर से यही ब्याज 24 हजार रुपये हो जाएगा। गोल्ड लोन लेने वाले ग्राहक रामअवतार वर्मा का कहना है कि सोने के भाव अधिक होने के दौरान उन्होंने पारिवारिक जरूरत के लिए गहने गिरवी रखकर कर्ज लिया था और अब दाम गिरने तथा ब्याज के दबाव से चिंता बढ़ गई है। बैंकिंग विशेषज्ञ आलोक राणा का मानना है कि सोने की कीमत गिरने का मतलब बैंकिंग व्यवस्था पर बड़ा संकट नहीं है, लेकिन पुराने ग्राहकों को ब्याज और किस्तों का भुगतान समय पर करना चाहिए, ताकि पुश्तैनी और पारिवारिक गहने नीलामी तक न पहुंचें।
