सहारनपुर में सहालग के सीजन में फूलों का बाजार गुलजार है। शादी समारोहों में सजावट, जयमाला, सेहरा और दूल्हे की गाड़ी सजाने के लिए फूलों की मांग तेजी से बढ़ी है। इसका असर कीमतों पर भी दिख रहा है, खासकर गुलाब और गेंदा के दाम बढ़े हैं। बढ़ती खपत से कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं और बाजार में अच्छी बिक्री हो रही है।

बड़े विवाह समारोहों और पार्टियों में आकर्षक सजावट के लिए अलग-अलग किस्म के फूलों की मांग की जा रही है। जयमाल, सेहरा और दूल्हे के वाहन को सजाने में गुलाब की खपत तेजी से बढ़ी है, जबकि घरों और विवाह मंडपों की सजावट में गेंदा सहित अन्य फूलों का इस्तेमाल हो रहा है। जिले में गेंदा, गुलाब समेत कई किस्मों के फूलों की खेती होती है। स्थानीय स्तर पर उत्पादित गुलाब से सामान्य मालाएं तैयार की जाती हैं, लेकिन आकर्षक गुलदस्तों और जयमाला के लिए कारोबारियों को बाहर की मंडियों पर निर्भर रहना पड़ता है।

मांग के अनुरूप आपूर्ति बनाए रखने के लिए व्यापारी दिल्ली की गाजीपुर और आजादपुर मंडी से विभिन्न किस्मों के फूल खरीदकर सहारनपुर लाते हैं, जहां इनकी फुटकर और थोक में बिक्री की जाती है। दिल्ली रोड पर फूलों की दुकान लगाने वाले अमित, संदीप और राजकुमार के मुताबिक सहालग के दौरान फूलों की मांग सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी बढ़ जाती है, जिससे आवक और बिक्री दोनों में तेजी है। गुलाब और गेंदा की बढ़ती मांग के कारण इनके दाम भी ऊपर चढ़े हैं।

कारोबारियों के मुताबिक गेंदे का फूल 100 रुपये प्रति किलो बिक रहा है, जबकि गुलाब के फूल की कीमत 180 से 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच रही है। जयमाला की कीमत 500 रुपये से शुरू होकर पांच हजार रुपये तक है, वहीं दूल्हे की कार को सजाने के लिए 5100 से दस हजार रुपये तक लिए जा रहे हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि सहालग के आगामी दिनों में भी बाजार में रौनक बनी रहेगी।