तेहरान/वाशिंगटन: इस साल फरवरी के अंत में ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हवाई हमले के जवाब में ईरान ने पश्चिम एशिया में अमेरिकी ठिकानों को ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाया था। मार्च में ईरानी मिसाइलों ने अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया था। अब 'द वाशिंगटन पोस्ट' ने शनिवार को सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में दावा किया है कि इन हमलों में ईरान ने एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स की स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सेवा का इस्तेमाल किया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी की आंतरिक चर्चाओं से वाकिफ दो लोगों ने बताया कि स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क को स्टारलिंक के दो अनधिकृत इस्तेमालों की जानकारी मिली थी, जो अमेरिकी सेना के खिलाफ ईरान की गतिविधियों से जुड़े थे। इसका पता चलने पर मस्क नाराज हो गए थे। ईरान में स्टारलिंक को काम करने का लाइसेंस नहीं मिला है, लेकिन मस्क पहले ही कह चुके हैं कि यह सेवा वहां सक्रिय है।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि मस्क को इस बात की भी जानकारी मिली थी कि अमेरिकी सेना ने स्टारशील्ड (स्टारलिंक का सैन्य संस्करण) का इस्तेमाल वन-वे ड्रोन उड़ाने के लिए किया था। इसके लिए एक सस्ते प्लान का इस्तेमाल हुआ, जो दरअसल जमीनी अभियानों के लिए था। स्पेसएक्स और अमेरिकी रक्षा विभाग की ओर से इस पर अभी कोई जवाब नहीं आया है।
स्टारलिंक मोबाइल इंटरनेट कनेक्शन देने के लिए कम ऊंचाई वाली कक्षा में मौजूद हजारों उपग्रहों का इस्तेमाल करता है। स्पेसएक्स ने नेटवर्क के अनधिकृत इस्तेमाल को रोकने के लिए पाबंदियां बढ़ा दी हैं, जिसमें रीसेलर्स के अपने ग्राहकों पर कड़ी निगरानी रखना शामिल है। इस साल ईरान ने जिस तरह अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, उसने दुनिया का ध्यान खींचा था। ईरानी मिसाइलों के निशाने पर आने के कारण अमेरिका को पश्चिम एशिया में कई जगहों से अपने सैनिक हटाने पड़े थे। सैन्य विशेषज्ञों ने ईरान की मिसाइल क्षमता और जंग के तरीके की तारीफ की है।
