जापान की ऑटोमोबाइल कंपनी होंडा 2 दिसंबर को भारत में अपनी अल्फा नाम की इलेक्ट्रिक एसयूवी पेश करने जा रही है। आधिकारिक लॉन्च से पहले कंपनी ने इस कार के एक्सटीरियर और इंटीरियर डिजाइन स्केच जारी कर दिए हैं। इन स्केच से होंडा की पहली मेड-इन-इंडिया इलेक्ट्रिक एसयूवी के बारे में अहम जानकारी मिलती है।
जारी एक्सटीरियर स्केच के मुताबिक अल्फा को पावरफुल और एडवांस एसयूवी लुक दिया गया है। आगे चौड़ा फ्रंट फेसिया और डार्क पैनल पर नया एच बैज नजर आता है। ऊपरी हिस्से में पतली लाइट स्ट्रिप बाहरी किनारों तक जाती है, जबकि नीचे हॉरिजॉन्टल ओपनिंग वाला अलग बंपर मिलता है। उभरे हुए व्हील आर्च, डार्क बॉडी क्लैडिंग, जियोमेट्रिक अलॉय व्हील्स, रूफलाइन और पीछे की ओर उठती विंडो लाइन इसे स्पोर्टी लुक देते हैं। आगे के फ्लश डोर हैंडल और पीछे के डोर हैंडल विंडो लाइन के पास ऊंचाई पर दिए गए हैं।
इंटीरियर स्केच से केबिन की लेआउट और फीचर्स का पता चलता है। 5-सीटर केबिन में स्लिम फ्रंट सीटबैक, पीछे तीन हेडरेस्ट और कपहोल्डर के साथ फोल्डिंग आर्मरेस्ट मिलता है। डैशबोर्ड पर हॉरिजॉन्टल लेआउट के साथ बड़ी स्टैंडिंग सेंट्रल टचस्क्रीन (ऐप्पल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो सपोर्ट के साथ) और ड्राइवर के सामने अलग डिजिटल इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले दिया गया है। स्टीयरिंग व्हील टू-स्पोक मल्टीफंक्शन डिजाइन का है जिस पर नया एच लोगो दिखता है। टचस्क्रीन के नीचे क्लाइमेट कंट्रोल के लिए पतला पैनल भी नजर आता है। केबिन में डैशबोर्ड से दरवाजों तक फैली ब्लू एंबिएंट लाइटिंग, उठा हुआ सेंटर कंसोल, चार्जिंग पोर्ट्स और रियर एसी वेंट्स दिए गए हैं। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि ये डिजाइन स्केच हैं, इसलिए फाइनल प्रोडक्शन मॉडल में वास्तविक स्पेक्स और फीचर्स में बदलाव हो सकता है।
होंडा ने मार्च 2026 में टपूकड़ा प्लांट से इसकी टेस्टिंग की शुरुआत की थी, जिसके तहत हाईवे, शहर, खराब सड़कों, अलग-अलग मौसम और चार्जिंग नेटवर्क पर इसे टेस्ट किया गया। यह इलेक्ट्रिक एसयूवी होंडा की 2030 तक भारत में 10 नए मॉडल लाने की योजना का हिस्सा है। देश में बिक्री के साथ-साथ भारत में बनी इस इलेक्ट्रिक एसयूवी का निर्यात भी किया जाएगा।
