भारत के रक्षा क्षेत्र से जुड़ी गोपनीय जानकारियां हासिल करने के लिए विदेशी जासूसी नेटवर्क अब केवल हनी ट्रैप पर निर्भर नहीं हैं। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने सोमवार को दिल्ली में आयोजित नेशनल सिक्योरिटी समिट 3.0 में यह चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जासूसी के लिए साइबर जासूसी, आर्थिक लालच और कर्ज के जाल जैसे कई तरीके अपनाए जा रहे हैं।
एक सवाल के जवाब में दीक्षित ने कहा कि रक्षा उद्योग पर हो रही गतिविधियों को सिर्फ हनी ट्रैप का मामला मानना सही नहीं होगा। यह असल में साइबर जासूसी और खुफिया जानकारी हासिल करने की कोशिश है। उन्होंने बताया कि इसके लिए मल्टी लेवल मार्केटिंग और अवैध तरीके से कर्ज देने वाले लोन शार्क का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसे नेटवर्क आर्थिक परेशानी में फंसे लोगों को जाल में फंसाकर उनसे गोपनीय जानकारियां हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं। सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर दोस्ती करना भी इन तरीकों में शामिल है।
वायुसेना प्रमुख ने कहा कि वे इन गतिविधियों से पूरी तरह वाकिफ हैं और इन पर लगातार नजर रखी जा रही है। इनसे निपटने के लिए व्यवस्थित स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था को केवल तकनीकी खतरों तक सीमित नहीं रखा जा सकता और कर्मचारियों को भी सतर्क रहना जरूरी है।
दीक्षित ने बताया कि सेना के मुख्य संचार नेटवर्क एयर गैप्ड हैं, यानी ये आम इंटरनेट से अलग रखे जाते हैं और सीधे साइबर हमले का निशाना नहीं बन सकते। लेकिन उन्होंने चिंता जताई कि जासूसी नेटवर्क अब सीधे सिस्टम में सेंध लगाने के बजाय उन लोगों को निशाना बना रहे हैं जिनकी संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच है। इसे इनसाइडर थ्रेट कहा जाता है। उनके मुताबिक, इससे निपटने के लिए कुछ तकनीकी और संस्थागत उपाय पहले से लागू हैं। सरकारी रक्षा संस्थानों के साथ निजी क्षेत्र की कंपनियों की सुरक्षा पर भी ध्यान दिया जा रहा है, जिनमें DRDO की प्रयोगशालाएं और निजी रक्षा कंपनियां शामिल हैं।
