भारतीय वायुसेना में जल्द ही एक नए स्वदेशी लड़ाकू विमान की एंट्री होने वाली है। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने सोमवार को बताया कि हल्के लड़ाकू विमान एलसीए-एमके-1ए को वित्तीय वर्ष 2026-27 के भीतर सेवा में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कदम का मकसद वायुसेना के फाइटर फ्लीट को मजबूत करना है। 31 अक्टूबर को आईएएफ चीफ बनने के बाद दीक्षित ने फोर्स की प्राथमिकताएं गिनाई थीं, जिनमें स्वदेश में बने तेजस, एलसीए एमके-1ए, एलसीए एमके-2 और एएमसीए को आधुनिकीकरण मुहिम के केंद्र में रखा गया था।

एक राष्ट्रीय सुरक्षा समिट में बोलते हुए एयर चीफ मार्शल दीक्षित ने कहा कि इस वित्तीय वर्ष में वायुसेना के पास एलसीए एमके-1ए होगा और एक स्क्वॉड्रन तैयार होगा। उन्होंने कहा कि केवल एलसीए एमके-1ए ही नहीं, अगले साल एलसीए एमके-2 भी रोल आउट होगा। उनके मुताबिक, एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट के लिए भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरा डिजाइन, डेवलपमेंट, टेस्टिंग और उत्पादन कर ऐसे लड़ाकू विमान में स्वदेशी क्षमता विकसित करना चुनौतीपूर्ण है और केवल कुछ ही देशों ने इसे हासिल किया है।

एयर चीफ मार्शल ने बताया कि वायुसेना लड़ाकू विमानों की गंभीर कमी से जूझ रही है, इसलिए एलसीए एमके-1ए को तुरंत ऐक्शन में लाना जरूरी है। इस विमान को बनाने की कई डेडलाइन मिस हो चुकी हैं। दीक्षित के कार्यकाल में यह पहला विमान होगा जो सेवा में आएगा। एलसीए एमके-1ए मिग-21 की जगह लेगा, जो छह दशकों से अधिक सेवा के बाद पिछले साल रिटायर हो चुका है। आईएएफ ने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के साथ 180 एमके-1ए फाइटर जेट्स के लिए दो ऑर्डर दिए हैं, जिनकी कुल कीमत 1.1 लाख करोड़ रुपए है।

इस बीच एलसीए एमके-2 प्रोग्राम भी तेजी पकड़ रहा है। एचएएल ने इसका स्ट्रक्चर बना लिया है और सामने, बीच व पीछे के फ्यूजलेज सेक्शन जुड़ चुके हैं तथा एयरफ्रेम तैयार है। एचएएल का लक्ष्य अगले साल मार्च तक पहली ग्राउंड रन है, जबकि पहली उड़ान साल के बाद में उम्मीद की जा रही है। एलसीए एमके-2 मिराज 2000, मिग-29 और जगुआर की जगह लेगा। एएमसीए प्रोग्राम को तेज करना इसलिए अहम है क्योंकि चीन पहले ही पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान जे-20 तैनात कर चुका है और अब जे-35 स्टेल्थ फाइटर लॉन्च कर रहा है।