हिमाचल प्रदेश कैडर के 2013 बैच के आईएएस अधिकारी राघव शर्मा को भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का निजी सचिव नियुक्त किया गया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने इस नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। वर्तमान में शर्मा राज्य में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के निदेशक हैं।
शर्मा उपराष्ट्रपति सचिवालय में उप सचिव (डिप्टी सेक्रेटरी) स्तर पर यह जिम्मेदारी संभालेंगे। केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) के स्थापना अधिकारी कार्यालय ने इस संबंध में हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव को तत्काल प्रभाव से पत्र जारी किया है।
यह नियुक्ति पांच वर्ष की अवधि के लिए की गई है और इसकी गणना पदभार संभालने की तारीख से होगी। आदेश के अनुसार शर्मा का कार्यकाल पांच वर्ष पूरे होने, उपराष्ट्रपति के कार्यकाल की समाप्ति, निजी सचिव के पद पर कार्य करना बंद करने अथवा अगले आदेश तक रहेगा। इनमें से जो स्थिति पहले आएगी, उसी के आधार पर उनकी प्रतिनियुक्ति समाप्त हो जाएगी।
