अमेरिकी तकनीकी कंपनी आईबीएम ने अपने कंसल्टिंग कारोबार के ज्यादातर पदों के लिए एच-1बी वीजा और ग्रीन कार्ड का प्रायोजन बंद करने का फैसला किया है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इस कदम से हजारों भारतीय पेशेवर प्रभावित हो सकते हैं, जिनमें अमेरिका में एच-1बी वीजा पर काम कर रहे कर्मचारी और ग्रीन कार्ड का इंतजार कर रहे लोग शामिल हैं।

रिपोर्टों के अनुसार, कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों के सामने अमेरिका छोड़ने या नौकरी छोड़ने का विकल्प रखा है। उन्हें यह तय करने के लिए तीन सप्ताह का समय दिया गया है कि वे अमेरिका से बाहर जाकर काम करना चाहेंगे या नहीं। स्थानांतरण के इच्छुक नहीं होने वाले कर्मचारियों को तीन महीने का सेवरेंस पैकेज देने की पेशकश की गई है और ऐसे कर्मचारियों का अंतिम कार्य दिवस 31 दिसंबर 2026 बताया गया है।

आईबीएम ने इस फैसले के पीछे बदलती कारोबारी जरूरतों और कुशल कर्मचारियों की उपलब्धता में आए बदलाव को वजह बताया है। कंपनी के कंसल्टिंग कारोबार में दुनियाभर में करीब डेढ़ लाख कर्मचारी काम करते हैं, हालांकि कंपनी ने यह नहीं बताया है कि इस फैसले से कुल कितने कर्मचारी प्रभावित होंगे।

कंपनी के प्रवक्ता के अनुसार, आईबीएम पहले अमेरिका में कुशल कर्मचारियों की कमी पूरी करने के लिए एच-1बी जैसे उच्च कौशल वाले वीजा कार्यक्रमों पर निर्भर थी, लेकिन पिछले कई वर्षों से इसमें अपनी भागीदारी घटा रही है। प्रवक्ता ने कर्मचारियों के कौशल की उपलब्धता और ग्राहकों की जरूरतों में बदलाव को इस फैसले की वजह बताया। बड़ी संख्या में भारतीय तकनीकी कर्मचारी अमेरिका में नौकरी और स्थायी निवास के लिए नियोक्ता की ओर से मिलने वाले वीजा और ग्रीन कार्ड प्रायोजन पर निर्भर रहते हैं, इसलिए इस फैसले का असर खासतौर पर उन पर पड़ सकता है।