भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) और राष्ट्रीय पोषण संस्थान (एनआईएन) के राष्ट्रीय सर्वेक्षण में देश के बड़े हिस्से में विटामिन बी12 की कमी पाई गई है। 2023 से 2025 के बीच 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 183 जिलों में किए गए इस सर्वेक्षण में 81 हजार से अधिक परिवारों के दो लाख से ज्यादा लोगों को शामिल किया गया और 1.7 लाख से अधिक रक्त नमूनों की जांच की गई।

सर्वेक्षण के मुताबिक, 10 से 19 साल की 65.4 फीसदी किशोरियों और 66.1 फीसदी किशोरों में विटामिन बी12 की कमी मिली। वयस्कों में भी स्थिति चिंताजनक है—20 से 59 साल की 55.2 फीसदी महिलाओं और 60.4 फीसदी पुरुषों में इसका स्तर कम पाया गया। सर्वेक्षण के नतीजे बताते हैं कि यह केवल किशोरों की समस्या नहीं है, बल्कि कामकाजी उम्र के बड़ी संख्या में महिला और पुरुष भी इसकी चपेट में हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों की 66.5 फीसदी किशोरियों में यह कमी मिली, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह आंकड़ा 61.7 फीसदी रहा। किशोर लड़कों में इसके उलट शहरी क्षेत्रों में 68.6 फीसदी और ग्रामीण क्षेत्रों में 65.3 फीसदी में कमी पाई गई। पांच से नौ साल के 46.5 फीसदी बच्चों और 12 से 59 महीने के 37.3 फीसदी बच्चों में भी यह कमी मिली। 60 साल से अधिक उम्र की 41.2 फीसदी महिलाओं में भी विटामिन बी12 का स्तर कम पाया गया।

गर्भवती महिलाओं में भी यह कमी अधिक मिली—63.1 फीसदी गर्भवती महिलाओं में इसकी कमी पाई गई, जबकि स्तनपान कराने वाली महिलाओं में यह आंकड़ा 51.8 फीसदी रहा। आईसीएमआर के अनुसार, रक्त में विटामिन बी12 का स्तर 203 पिकोग्राम प्रति मिलीलीटर से कम होने पर इसे कमी की श्रेणी में रखा जाता है। सर्वेक्षण के नतीजे देश में खानपान और सूक्ष्म पोषक तत्वों की उपलब्धता पर व्यापक ध्यान देने की जरूरत रेखांकित करते हैं।