भारत में खुदरा महंगाई अक्तूबर में बढ़कर 6.09 प्रतिशत हो गई, जबकि सितंबर में यह 5.54 प्रतिशत थी। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक खाद्य महंगाई दर 8.94 प्रतिशत रही, यानी खाने-पीने की चीज़ों की क़ीमतें महंगाई की कुल दर से तेज़ी से बढ़ रही हैं। ग्रामीण इलाक़ों में खाद्य महंगाई 9.09 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 8.68 प्रतिशत दर्ज की गई।

अर्थशास्त्रियों के मुताबिक इस साल खाद्य महंगाई बढ़ने की कई वजहें हैं, जिनमें मौसम में बदलाव, सप्लाई में कमी और खेती की लागत में बढ़ोतरी शामिल हैं। देश की करीब 60 फ़ीसदी खेती बारिश पर निर्भर है, इसलिए मानसून का सीधा असर पड़ता है। इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से 13 फ़ीसदी कम रहा और अल नीनो की स्थिति मज़बूत होने से कृषि उत्पादन पर ख़तरा बढ़ा है।

पोलिंग एजेंसी लोकलसर्कल्स के सर्वे के मुताबिक हर दस में से छह लोगों का कहना है कि एक साल पहले के मुकाबले ज़रूरी सामान पर उनका मासिक खर्च बीस फ़ीसदी से ज़्यादा बढ़ गया है। 74 फ़ीसदी लोग बाहर खाना खाने, ख़रीदारी और मनोरंजन पर खर्च घटा रहे हैं, जबकि आधे लोग ज़रूरी सामान कम मात्रा में ख़रीद रहे हैं।

क्रिसिल के विश्लेषण के मुताबिक अक्तूबर में घर पर बनने वाली शाकाहारी थाली की क़ीमत एक साल पहले के मुकाबले 12 फ़ीसदी बढ़ गई, जिसकी वजह प्याज़, टमाटर, सब्ज़ियों, खाद्य तेल, चावल और रसोई गैस की बढ़ती क़ीमतें हैं। मांसाहारी थाली की क़ीमत नौ फ़ीसदी बढ़ी। क्रिसिल के मुताबिक चावल की क़ीमतें सालाना आधार पर करीब दस फ़ीसदी, दालों की आठ फ़ीसदी, खाद्य तेल की तेरह फ़ीसदी और एलपीजी की दस फ़ीसदी बढ़ी हैं। इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ डेवलपमेंट रिसर्च की एसोसिएट प्रोफ़ेसर राजेश्वरी सेनगुप्ता का कहना है कि भारत जैसे ग़रीब देश में खर्च घटाने या उनमें बदलाव की गुंजाइश बहुत कम है।