सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक मशीन सफेद शीट से काजू के आकार के टुकड़े काटती दिख रही है। वीडियो के साथ दावा किया गया है कि बाजार में बिकने वाला 80 से 90 प्रतिशत काजू नकली है। हालांकि, कई यूजर्स ने वीडियो को फर्जी बताया है।

किराना कमेटी दिल्ली के संयुक्त सचिव और ड्राई फ्रूट्स एक्सपर्ट रवींद्र मेहता के मुताबिक, बाजार में रंगे हुए बादाम बेचे जाने की बातें सामने आई हैं। मशीन से छिलका निकालने के दौरान बादाम पर खरोंच आ जाती है या उसका कुछ हिस्सा टूट जाता है। इन कमियों को छिपाने के लिए कुछ प्रोसेसर बादाम के पाउडर से टूटे हिस्से को ठीक करते हैं, जबकि कुछ प्रोसेसर बादाम को बेहतर दिखाने के लिए केमिकल से रंगते भी हैं।

काजू के इंपोर्टर और प्रोसेसर कौशल गुप्ता ने बताया कि वायरल वीडियो पहली नजर में फर्जी लगता है। उनके मुताबिक, नकली काजू तैयार करना संभव नहीं है और ऐसे वीडियो गलतफहमी फैलाने के उद्देश्य से शेयर किए जाते हैं, जिन्हें बनाने में एआई का भी इस्तेमाल होता है। असली काजू की अपनी प्राकृतिक बनावट, स्वाद, रंग और पौष्टिकता होती है। बाजार में ऐसी मशीनें जरूर हैं, जो काजू की शेप में नमकीन तैयार करती हैं, लेकिन उन्हें असली काजू नहीं कहा जा सकता।

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, नकली काजू नहीं होता, लेकिन इसमें मिलावट जरूर हो सकती है। जैसे छोटे आकार के दानों को बड़े आकार के नाम पर बेचना, साबुत काजू में टूटे दाने मिलाना, पुराने स्टॉक के साथ नए काजू मिलाना और नमी बढ़ाकर वजन बढ़ाना शामिल है। रवींद्र मेहता के अनुसार, काजू की पहचान रंग, आकार, गंध, स्वाद, बनावट, भंडारण, पैकिंग पर वजन और जरूरी लेबल की जानकारी से की जा सकती है। सिर्फ देखकर और चखकर हर तरह की मिलावट नहीं पकड़ी जा सकती; नमी, फफूंद और रासायनिक अवशेषों के लिए लैब में जांच जरूरी है। घर पर काजू को सफेद टिशू पेपर में दबाकर, गुनगुने पानी में डालकर और तोड़ने पर आवाज व स्वाद से भी शुद्धता की जांच की जा सकती है।