भारतीय महिला हॉकी टीम का सामना शनिवार को भोपाल में खेली जा रही एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में दक्षिण कोरिया से है। सलीमा टेटे की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने गुरुवार को मलेशिया को 4-1 से हराकर टूर्नामेंट की शुरुआत की थी और अब उसकी नजर लगातार दूसरी जीत पर है।
मैच में भारतीय टीम ने लगातार आक्रमण किए। पहले क्वार्टर में उसे चार पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन कोरिया की मजबूत रक्षा के सामने वह इनका फायदा नहीं उठा पाई और स्कोर 0-0 बना रहा। दूसरे क्वार्टर में भी भारत को दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, पर गोल नहीं हो सका।
आखिरकार मुमताज खान ने भारत के लिए पहला गोल दागकर कोरिया का डिफेंस भेद दिया। पहले हाफ के खत्म होने तक भारतीय टीम 1-0 से आगे है।
मैच भोपाल में मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के तहत खेला जा रहा है। तीन बार खिताब जीत चुकी भारतीय टीम इस मुकाबले में अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी।
