आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके बाद उनके पैतृक गांव अलीगढ़ के थाना बरला क्षेत्र के फुसावली में खुशी का माहौल है और ग्रामीणों ने मिठाई बांटी। आलोक सिंह के छोटे भाई योगेंद्र सिंह ने बताया कि पूरे इलाके में खुशी है और गांव में लोगों ने मिठाई बांटी। उन्होंने बताया कि आलोक सिंह चार दिन पहले अलीगढ़ में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे और वह गांव में अक्सर आते रहते हैं।
आलोक सिंह का जन्म 1967 में इटावा में हुआ था, जहां उनके पिता नौकरी करते थे। उनके पिता एसपीओ (कोड इंस्पेक्टर) से सेवानिवृत्त हुए हैं। छह भाई-बहनों में आलोक सिंह दूसरे नंबर के हैं। उनके दो भाई हैं, जिनमें छोटे भाई योगेंद्र सिंह अलीगढ़ में सिंचाई विभाग में कार्यरत हैं, और चार बहनें हैं। बड़ी बहन रागनी एक डिग्री कॉलेज में प्रवक्ता हैं और उनकी शादी हाथरस में डॉक्टर एसपी सिंह के साथ हुई है। दूसरे नंबर की बहन नीरजा हाल ही में लखनऊ से जिला जज के पद से रिटायर हुई हैं और उनके पति भी जज हैं।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई आगरा के सेंट जोंस स्कूल से करने के बाद आलोक सिंह ने राजा बलवंत सिंह आगरा से इकोनॉमिक्स में एमए और जयपुर के एक विश्वविद्यालय से एमबीए किया। 1992 में उन्हें स्टेट बैंक में क्लर्क की नौकरी मिली। उस समय उनकी बड़ी बहन नीरजा सिंह जज थीं। दीपावली के त्योहार पर बहन भाइयों समेत पूरा परिवार मौजूद था, तभी बहन ने उन्हें ताना मारा कि बैंक की नौकरी क्यों करते हैं, बनना है तो आईपीएस बनो। उसी दिन से उन्होंने ठान लिया कि अब आईपीएस ही बनना है। बैंक की नौकरी छोड़कर वह दिल्ली के सरोज नगर में यूपीएससी की तैयारी में जुट गए और 1995 में पहले ही प्रयास में आईपीएस बन गए।
आलोक सिंह गोरखपुर और सुल्तानपुर में एसएसपी रह चुके हैं। वह नोएडा पुलिस कमिश्नर भी रहे, इसके बाद कानपुर में एडीजी रहे और फिलहाल पीएसी में महानिदेशक थे। उनकी पत्नी आकांक्षा आईआरएस हैं, मगर उन्होंने नौकरी नहीं की। वह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की भतीजी लगती हैं।
