झांसी में युवतियों से जुड़ी दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र की आवास कॉलोनी में एक युवती को अपने साथ ले जाने के लिए दो युवक आपस में भिड़ गए। बताया जा रहा है कि सड़क पर करीब आधा घंटे तक चले इस विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में दोनों युवक युवती को अपने साथ ले जाने के लिए खींचतान करते दिख रहे हैं, जबकि आसपास दर्जनों लोग खड़े हैं। एक युवक उससे विवाह की बात कर रहा है तो दूसरा भी उसे अपना बनाने की बात कह रहा है। इस दौरान एक युवक ने दूसरे के साथ हाथापाई भी की और बाद में युवती को अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया। पुलिस इस घटना से अनभिज्ञता जता रही है। वीडियो कब का है और विवाद किस बात पर शुरू हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दूसरी घटना में प्रेमी के साथ घर से निकली एक युवती को एसएसपी कार्यालय के बाहर अपने ही परिजनों के गुस्से का सामना करना पड़ा। बताया गया कि युवती प्रेमी के साथ घर से चली गई थी और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। तलाश के दौरान माता-पिता की नजर एसएसपी कार्यालय के बाहर युवती पर पड़ी, जिसके मांग में सिंदूर भरा था। उन्होंने उसे पकड़ लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि माता-पिता ने युवती के साथ मारपीट की। दिनदहाड़े हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।

हंगामे के बाद युवती की मां उसे एसएसपी के समक्ष पेश करने ले जाने लगी, तो उसके साथ के लोगों ने कार्यालय के गेट पर रोक दिया और लोकलाज का हवाला देते हुए सभी वापस लौट गए। उधर, युवती के साथ मौजूद युवक मौका पाकर भाग निकला।