झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़ा प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित हो गया। संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन में यह प्रस्ताव रखा, जिसमें SIR की समय-सीमा बढ़ाने और प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की गई, ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची से न छूटे। इसके साथ ही प्रस्ताव में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने की मांग भी शामिल है। विधानसभा अध्यक्ष ने संख्याबल के आधार पर प्रस्ताव को मंजूरी दी। सदन में इस मुद्दे पर लंबी चर्चा और सत्ता-विपक्ष के बीच गरमागरमी देखी गई।

सरकार ने स्पष्ट किया कि वह SIR के सिद्धांत के खिलाफ नहीं है, लेकिन पश्चिम बंगाल की स्थिति को लेकर चिंतित है। प्रस्ताव में पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा गया कि वहां 90 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए और अपीलों के लिए गठित ट्रिब्यूनलों को 38 लाख से अधिक आवेदन मिले, जिनमें से अधिकांश पर सुनवाई नहीं हुई। सरकार ने आशंका जताई कि झारखंड में ऐसी स्थिति बनने पर बड़ी संख्या में योग्य मतदाता मताधिकार से वंचित हो सकते हैं।

प्रस्ताव में संविधान के अनुच्छेद 326 का हवाला देते हुए कहा गया कि सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार प्रत्येक योग्य नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और प्रक्रियागत जटिलताओं के कारण किसी पात्र मतदाता को इससे वंचित नहीं किया जाना चाहिए। सरकार ने वर्तमान प्रक्रिया रोककर सभी राज्यों और छोटे-बड़े राजनीतिक दलों के साथ समावेशी चर्चा करने तथा पारदर्शी नियम और सरल मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने के बाद नए सिरे से SIR कराने की मांग की है। प्रस्ताव को भारत निर्वाचन आयोग समेत सभी सक्षम प्राधिकारों को भेजने का भी प्रस्ताव रखा गया है।

सरकार ने संकल्प में दावा किया है कि राज्य के कुल मतदाताओं में 38 प्रतिशत से अधिक ऐसे हैं, जिनके नाम सूची से हटाए गए हैं या उन्हें संदेहास्पद मानते हुए नोटिस जारी किया गया है। नोटिस वाले अधिकतर मामले माता-पिता के नाम की वर्तनी में अंतर, उम्र संबंधी विसंगति और अन्य तार्किक त्रुटियों से जुड़े बताए गए हैं। सरकार ने आदिवासी बहुल राज्य की सामाजिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि यहां SIR लागू करने में विशेष सावधानी जरूरी है, खासकर पीवीटीजी समुदाय के लोगों के पास दस्तावेजों की कमी और जागरूकता का अभाव बड़ी चुनौती है। चर्चा के दौरान राजद विधायक सुरेश पासवान ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जानबूझकर गरीबों के वोट काट रही है।