झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की एफआरओ परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितता मामले में सीआईडी ने अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट के मुताबिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थी ऋतिक रोशन ने अपनी मां कंचन कुमारी के बैंक ऑफ इंडिया खाते से तीन लाख रुपये पतंजलि आईएएस एकेडमी के संचालक संजीत कुमार को भेजे थे। संजीत कुमार ऋतिक का चचेरा भाई है और उसने परीक्षा पास कराने के लिए 20 लाख रुपये की डील की थी। आरोप है कि अनुचित माध्यम से ऋतिक को लाभ दिलाया गया।
सीआईडी ने कोर्ट को बताया कि 11 फरवरी 2026 को एफआरओ मुख्य परीक्षा के बाद ऋतिक रोशन को पंकज प्रसून के साथ रातू रोड के एक मकान में ले जाया गया। वहां 12 अभ्यर्थी मौजूद थे, जिन्हें उत्तर पुस्तिकाएं दी गईं और किताबों तथा एआई की मदद से प्रश्नों के उत्तर लिखवाए गए। सीआईडी के अनुसार संजीत कुमार और रविशंकर कुमार उर्फ रवि मास्टर के बयान में भी इसकी पुष्टि हुई है।
जांच में सामने आया है कि आरोपित संजीत कुमार एफआरओ परीक्षा में सफल 119 अभ्यर्थियों के संपर्क में था, जबकि उस परीक्षा में कुल 743 अभ्यर्थी सफल हुए थे। सीआईडी जेपीएससी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, अनियमितता और ओएमआर शीट में हेराफेरी की जांच कर रही है।
