करनाल नगर निगम ने आरके पुरम में कबाड़ जलाकर वायु प्रदूषण फैलाने के आरोप में एक दुकानदार पर पांच हजार रुपये का चालान किया है। निगम की टीम ने मौके पर आग बुझाई और दुकानदार को भविष्य में ऐसा करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
नगर निगम ने शहर में वायु प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। निगमायुक्त सलोनी शर्मा के निर्देश पर जोन प्रभारी ऊषा रानी के नेतृत्व में निगम की टीम ने शिकायत मिलने पर आरके पुरम की गली नंबर-8 के पास स्थित संबंधित कबाड़ दुकान पर छापा मारा।
निरीक्षण के दौरान दुकान से लगे खाली प्लॉट में कबाड़ के सामान में आग लगी मिली। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकानदार का पांच हजार रुपये का चालान किया और मौके पर ही आग बुझवाई। दुकानदार को भविष्य में इस तरह की हरकत करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
निगमायुक्त सलोनी शर्मा ने शहरवासियों से अपील की है कि कचरा, पत्तियां, प्लास्टिक और कबाड़ को खुले में न जलाएं, क्योंकि इससे वायु प्रदूषण बढ़ने के साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण पर नियंत्रण प्रशासन के साथ प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। कहीं भी खुले में कचरा या कबाड़ जलता दिखाई दे तो इसकी सूचना नगर निगम को दें। निगम की टीमें लगातार निगरानी और गश्त कर रही हैं। कार्रवाई के दौरान सहायक सफाई निरीक्षक कृष्ण कुमार और ट्रीगर मास्टर गुरदेव सिंह मौजूद रहे।
