कर्नाटक में अलग उत्तर कर्नाटक राज्य की मांग को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। अराभावी से भाजपा विधायक बालकृष्ण जारकिहोली ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अगले पांच से दस वर्षों में उत्तर कर्नाटक अलग राज्य बन सकता है। उन्होंने पूर्व मंत्री उमेश कट्टी के अलग राज्य बनाने के विचार का समर्थन किया।

जारकिहोली ने कहा कि कट्टी का मानना था कि उत्तर कर्नाटक अलग राज्य बनता है तो बेलगावी उसकी राजधानी होगी और क्षेत्र का तेजी से विकास होगा। विधायक ने कहा कि बेलगावी में सुवर्ण विधान सौधा का निर्माण क्षेत्र के विकास के उद्देश्य से किया गया था, लेकिन अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। उनके अनुसार व्यापक विकास के लिए अलग राज्य की मांग पर विचार करना जरूरी है।

भाजपा विधायक ने कहा कि दो दिसंबर से शुरू होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र में उत्तर कर्नाटक के मुद्दों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि नौ दिवसीय सत्र में कम से कम पांच दिन इस क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा के लिए निर्धारित किए जाएं। उन्होंने सिंचाई, किसानों की समस्याओं, सूखे और बुनियादी ढांचे के विकास को प्रमुख मुद्दे बताया।

जारकिहोली ने सभी राजनीतिक दलों से क्षेत्र के हित में एकजुट होने की अपील की। उनके इस बयान से राज्य में अलग उत्तर कर्नाटक की मांग को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है।