कर्नाटक में इस साल बारिश की कमी से पैदा हुए सूखे के हालात को देखते हुए राज्य के ग्रामीण विकास और पंचायत राज मंत्री ईश्वर खंड्रे ने केंद्र सरकार से मनरेगा के तहत रोजगार की सीमा 50 दिन बढ़ाने का अनुरोध किया है। उन्होंने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को लिखे पत्र में कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों के अकुशल गरीब मजदूरों को कुल 175 दिन का रोजगार मिल सकेगा। मंत्री ने पत्र में आंकड़ों के साथ राज्य में बारिश की कमी का विवरण दिया है।
खंड्रे के कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इस साल बारिश की भारी कमी से राज्य में कृषि गतिविधियां प्रभावित हुई हैं, जिससे स्थानीय गरीब और अकुशल मजदूर रोजगार से वंचित हो गए हैं और उन्हें शहरों की ओर पलायन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। मंत्री ने कहा कि ऐसे पलायन को रोकने के लिए भूमिहीन मजदूरों, कमजोर वर्गों और ग्रामीण गरीबों को अतिरिक्त रोजगार उपलब्ध कराना जरूरी है।
मंत्री ने बताया कि सूखे के कारण राज्य के कई ग्रामीण निवासी 'विकसित भारत - गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)' [वीबी-जी राम जी] के तहत रोजगार की मांग कर रहे हैं। पिछले साल की तुलना में इस साल 30.33 प्रतिशत अधिक 'पर्सन-डे' सृजित किए गए हैं। इसी कारण उन्होंने रोजगार की मौजूदा 125 दिनों की सीमा को 50 दिन बढ़ाकर 175 दिन करने का अनुरोध किया है।
खंड्रे ने बताया कि राज्य सरकार ने पूरे कर्नाटक में 60:40 के अनुपात में 'वीबी-जी राम जी' लागू किया है। उनके अनुसार, मनरेगा के तहत केंद्र सरकार 90 प्रतिशत खर्च उठाती थी और राज्य का योगदान केवल 10 प्रतिशत था, जबकि नई व्यवस्था में फंडिंग का अनुपात 60:40 होने से राज्य पर वित्तीय बोझ बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद राज्य सरकार ने ग्रामीण गरीबों, कमजोर और वंचित वर्गों, पिछड़े समुदायों, अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों, अल्पसंख्यकों और भूमिहीन मजदूरों के लाभ के लिए योजना लागू की है। उन्होंने बताया कि जुलाई से अब तक 2.83 करोड़ 'पर्सन-डे' सृजित किए गए हैं, जो पिछले साल की इसी अवधि से 35 प्रतिशत अधिक है।