तमिलनाडु की कोलाथुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की स्थिति बन गई है। सीएम विजय थलपति की पार्टी टीवीके (तमिलगा वेत्री कझगम) के विधायक वीएस बाबू के निधन से यह सीट खाली हुई है। अब चर्चा यह है कि क्या डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन एक बार फिर कोलाथुर से मैदान में उतरेंगे। वीएस बाबू ने पिछले विधानसभा चुनाव में स्टालिन को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। स्टालिन 2011 से लगातार इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। इस चुनाव में डीएमके को सत्ता भी गंवानी पड़ी थी, जबकि अभिनेता से नेता बने विजय की नई पार्टी टीवीके ने डीएमके को सत्ता से बाहर किया था।

पार्टी के भीतर कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि एमके स्टालिन इस सीट से दोबारा चुनाव लड़ें। डीएमके सांसद सी रविंद्रन ने कहा कि स्टालिन को कोलाथुर से चुनाव लड़ना चाहिए या नहीं, इसका फैसला पूरी तरह उन्हीं के हाथ में है। रविंद्रन ने कहा, "यह हमारे नेता का निर्वाचन क्षेत्र है। फैसला उनका है और केवल वही इस पर निर्णय ले सकते हैं। डीएमके कार्यकर्ता के तौर पर हम चाहेंगे कि वह चुनाव लड़ें, लेकिन अंतिम फैसला हमारे नेता ही करेंगे।"

इस साल कोलाथुर में हुए चुनाव में वीएस बाबू ने एमके स्टालिन को 8,795 वोटों से हराया था। वीएस बाबू को कुल 82,997 वोट मिले थे, जबकि एमके स्टालिन को 74,202 वोट मिले थे। इस नतीजे के साथ ही कोलाथुर में स्टालिन की लगातार जीत का सिलसिला टूट गया। वीएस बाबू ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत डीएमके से की थी और चेन्नई (उत्तर) जिले के सचिव भी बने। साल 2006 में वह पुरासावलकम विधानसभा सीट से विधायक चुने गए और 2011 तक इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद उन्होंने डीएमके छोड़कर एआईएडीएमके का दामन थाम लिया और विधानसभा चुनाव से पहले विजय की पार्टी टीवीके में शामिल होकर कोलाथुर से चुनाव लड़ा।

कोलाथुर में होने वाला उपचुनाव डीएमके और टीवीके, दोनों के लिए अहम माना जा रहा है। डीएमके के पास इस चुनाव के जरिए विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने का मौका होगा। हालांकि, अगर स्टालिन खुद चुनाव लड़ते हैं और उन्हें फिर हार मिलती है तो उनकी पिछली हार का राजनीतिक असर और गहरा सकता है। दूसरी ओर, टीवीके के लिए इस सीट को बरकरार रखना बड़ी चुनौती होगी। विधानसभा चुनाव में मिली हाई-प्रोफाइल जीत के बाद उपचुनाव यह भी परखेगा कि विजय की पार्टी अपना चुनावी समर्थन बनाए रखने में कितनी सफल रहती है।