डीसीएम श्रीराम समूह ने शरदकालीन गन्ना बुवाई अभियान के तहत ‘उपज बढ़ाओ, इनाम पाओ’ परियोजना के अंतर्गत लखीमपुर खीरी में 457 प्रगतिशील गन्ना किसानों को सम्मानित किया। पेराई सत्र 2025-26 में एक हजार से 1499 कुंतल प्रति हेक्टेयर से अधिक उपज देने वाले किसानों को हाई यील्ड योजना के तहत यह सम्मान दिया गया। इन किसानों ने उन्नत खेती, नवीन कृषि तकनीकों और अनुशंसित गन्ना प्रजातियों को अपनाया था।

कार्यक्रम में ईडी आरएल टामक ने कहा कि किसानों की सुख-समृद्धि के लिए अधिक उपज जरूरी है। औसत पैदावार कम होने के कारण उत्पादकता बढ़ाने पर ध्यान देना होगा और शुद्ध बीज का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने बताया कि अजबापुर मिल 1997 में शुरू हुई थी, तब यहां 22 लाख कुंतल गन्ने की पेराई हुई थी, जो अब बढ़कर सवा दो करोड़ कुंतल से अधिक हो गई है।

डीसीओ अनिल कुमार भारती ने मिट्टी की जांच, रोग प्रतिरोधी किस्मों के चयन और पानी के सीमित इस्तेमाल की सलाह दी। उन्होंने बताया कि 15 मार्च तक बुवाई करने से उपज 10 प्रतिशत बढ़ सकती है। बीज की कमी को देखते हुए गन्ने और गेहूं की एक साथ बुवाई करने वाली मशीन के इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया।

गन्ना शोध संस्थान, शाहजहांपुर के डा. पीके कपिल ने बीज के लिए 8 से 10 माह के गन्ने के इस्तेमाल, हर चार साल में मिट्टी की जांच, सह-फसल और चार फीट की दूरी पर बुवाई की सलाह दी। यूनिट हेड प्रदीप त्यागी ने बताया कि क्षेत्र में औसत उपज 450 कुंतल है, जिसे वैज्ञानिक तरीकों से दोगुना किया जा सकता है। कार्यक्रम में पेड़ी प्रबंधन, ट्रेंच विधि, जैविक खाद और आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी दी गई।