पूर्व आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी ने मंगलवार को लंदन से जारी एक बयान में कहा कि उन्होंने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए भारत नहीं छोड़ा था, बल्कि 2010 में उन्हें जान का खतरा था। उनके मुताबिक, भारत छोड़ने से तीन दिन पहले बिना सूचना दिए उनकी पुलिस सुरक्षा हटा दी गई थी और उस समय उनके खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं थी। मोदी ने दावा किया कि 16 साल से ज्यादा बीतने के बाद भी भारत की किसी अदालत में उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल नहीं हुई है।

मोदी पर आईपीएल में वित्तीय अनियमितताओं, मीडिया राइट्स की डील में कथित कमीशनखोरी, फ्रेंचाइजी की नीलामी में गड़बड़ी और विदेशी मुद्रा कानून के उल्लंघन के आरोप लगे थे। उन्होंने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय के कहने पर उनका भारतीय पासपोर्ट रद्द कर दिया गया था, लेकिन 2014 में दिल्ली हाईकोर्ट ने मामले की परिस्थितियों को देखते हुए यह फैसला पलट दिया और उनका पासपोर्ट बहाल कर दिया।

ललित मोदी ने भारतीय मीडिया संस्थानों पर गलत और बदनाम करने वाली खबरें प्रकाशित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ संस्थानों ने उनकी ब्रिटिश नागरिकता और भारत छोड़ने की वजह को गलत तरीके से पेश किया है और ऐसी खबरें छापने वालों के खिलाफ वे कानूनी विकल्पों का इस्तेमाल करेंगे। प्रत्यर्पण को लेकर लगाई जा रही अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने दावा किया कि इंटरपोल ने लिखित रूप में पुष्टि की है कि उसके रिकॉर्ड में उनके खिलाफ कोई आपराधिक अलर्ट या नोटिस नहीं है।

उन्होंने 14 नवंबर को बताया था कि 15 सितंबर 2026 को उन्हें ब्रिटिश नागरिकता मिल गई। ललित मोदी 2010 से लंदन में रह रहे हैं और शहर के बेलग्राविया-चेल्सी इलाके में रहते हैं, जो सबसे महंगे इलाकों में गिना जाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी अनुमानित कुल संपत्ति 57 करोड़ डॉलर है और वे परिवार की कंपनी मोदी एंटरप्राइजेज के अध्यक्ष और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। उनकी पत्नी मीनल का 2018 में कैंसर से निधन हो गया था।