लखनऊ के मालवीय सभागार में कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें कवियों ने प्रेम, देशप्रेम और प्रेरणा पर आधारित रचनाएं सुनाईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ गीतकार डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र ने इसे पिछले 10 वर्षों की सर्वश्रेष्ठ कवि गोष्ठी बताया।
गोष्ठी की शुरुआत गोपालगंज के सर्वेश तिवारी ने की। युवा कवि रामायणधर द्विवेदी ने अपनी रचनाओं से युवाओं में प्रेरणा के भाव भरे। वीर रस के कवि जगदीप शुक्ल अंचल ने युवाओं के रक्त में जोश भरने वाली पंक्तियां सुनाईं।
गीतकार डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र ने जब अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं तो श्रोता उनकी लय में बंध गए। कवयित्री अनामिका अंबर के गीत सुनने से पहले ही लोगों की जुबान पर थे। उनके कटाक्ष और व्यंग्य ने श्रोताओं को हंसाया।
संचालन कर रहे कवि अजहर इकबाल की पंक्तियों ने भी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। रचनाओं पर मिलती तालियां, बार-बार सुनाने की गुजारिश और जिंदाबाद के नारों ने माहौल में ऊर्जा भर दी।
