भारत-नेपाल सीमा पर डीएपी खाद की तस्करी बढ़ने की बात सामने आ रही है। महराजगंज में सीमावर्ती इलाकों से खाद की बोरियां नेपाल भेजे जाने की गतिविधियां तेज होने की बात कही जा रही है। तस्कर दोनों देशों में खाद की कीमतों के बड़े अंतर का फायदा उठा रहे हैं। भारतीय बाजार में डीएपी खाद की एक बोरी करीब 1400 रुपये में मिल रही है, जबकि नेपाल में इसकी कीमत लगभग 5000 रुपये तक बताई जा रही है। इस तरह प्रति बोरी करीब 3600 रुपये का अंतर तस्करों के लिए आकर्षक मुनाफे का कारण बन रहा है।

तस्करी के लिए मुख्य मार्गों से बचते हुए सीमावर्ती गांवों के बीच की पगडंडियों का सहारा लिया जा रहा है। इन रास्तों से साइकिल और मोटरसाइकिल के जरिए खाद की बोरियां छोटी-छोटी खेप में सीमा पार पहुंचाई जा रही हैं। एक साथ बड़ी मात्रा में खाद ले जाने के बजाय अलग-अलग खेप में आवाजाही की जा रही है, जिससे निगरानी से बचा जा सके।

भारतीय बाजार में पहले से ही डीएपी खाद की उपलब्धता प्रभावित बताई जा रही है और किसान जरूरत के मुताबिक खाद के लिए समितियों और दुकानों के चक्कर लगा रहे हैं। ऐसे में घरेलू बाजार से खाद नेपाल भेजे जाने की गतिविधियां किसानों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। खाद की कमी के बीच तस्करी से सरकारी आपूर्ति व्यवस्था पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्र में तस्करी के इस तरीके पर अंकुश लगाने के लिए पगडंडियों और गांवों से नेपाल जाने वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ाने की जरूरत बताई जा रही है।

क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने बताया कि डीएपी की तस्करी का मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। हालांकि, सीमा क्षेत्र में तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।