हिमाचल प्रदेश के ग्रीष्मकालीन अवकाश वाले सरकारी स्कूलों में वार्षिक समारोह आयोजित करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 दिसंबर कर दी गई है। शिक्षा निदेशालय ने यह जानकारी देते हुए सभी उपनिदेशकों (उच्च एवं प्रारंभिक शिक्षा) को निर्देश जारी किए हैं कि वे अपने अधीनस्थ ग्रीष्मकालीन स्कूलों के प्रमुखों को बढ़ी हुई समयसीमा की सूचना दें और तय अवधि में समारोह का आयोजन सुनिश्चित करवाएं।

इससे पहले विभाग ने 18 और 20 नवंबर को पत्र जारी कर स्कूलों को तय समय में समारोह आयोजित करने के निर्देश दिए थे। नए निर्देशों के अनुसार, सभी स्कूलों को 10 दिसंबर से पहले वार्षिक समारोह आयोजित करना होगा। शिक्षा निदेशालय के मुताबिक इसके बाद समयसीमा में कोई और विस्तार नहीं दिया जाएगा।

निदेशालय ने उपनिदेशकों को निर्देशों का पालन सुनिश्चित करवाने को कहा है। चेतावनी दी गई है कि तय समयसीमा में समारोह आयोजित न करने या निर्देशों की अवहेलना करने वाले स्कूलों के मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।