चेन्नई: तमिलनाडु में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शनिवार को तिरुपरकुंड्रम पहाड़ी पर स्थित दीपाथून स्तंभ पर कार्तिगई दीपम प्रज्ज्वलित किया गया। शाम पांच बजे दीप जलाया गया। यह प्रक्रिया रिटायर्ड हाई कोर्ट जज जस्टिस एस वैद्यनाथन और जस्टिस वी पार्थिबन की मौजूदगी में संपन्न हुई। सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को दीप न जलाए जाने पर कड़ा रुख अपनाया था, जिसके बाद कोर्ट ने दो रिटायर्ड जजों को मंदिर का प्रशासन संभालने की जिम्मेदारी दी थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले की सराहना करते हुए एक्स पर लिखा था कि भगवान मुरुगन की जय। जलते हुए दीपम को देखने के लिए मदुरै में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे और लोगों ने खुशी में पटाखे भी फोड़े थे। इससे पहले जब सीआरपीएफ के जवाब दीपम जलवाने के लिए पहुंचे थे, तो उन पर फूल बरसाए गए थे।
तिरुपरकुंड्रम पहाड़ी पर दीपाथून पर दीप प्रज्ज्वलित होने पर लोगों ने जश्न मनाया। इस मौके पर कुछ लोग भावुक हो गए और महिलाओं ने फूल बरसाए। एक महिला भावुक हो गईं और दीप जलने पर हाथ जोड़कर भगवान मुरुगन का अभिवादन किया।
सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को दीपाथून पर दीपम न जलाने पर तमिलनाडु सरकार के चीफ सेक्रेटरी और मदुरै के स्थानीय अधिकारियों को अवमानना की नोटिस दी है। कोर्ट ने इस मामले पर अगली सुनवाई दिसंबर में तय की है। सुप्रीम कोर्ट ने दीपम जलाने की दूसरी तारीख तय करते हुए अन्नामलाई पहाड़ियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआरपीएफ को सौंपी थी।
