पंजाब के दो युवा अनुताज सिंह और अक्षांश अग्रवाल भारतीय नौसेना में अधिकारी बन गए हैं। केरल के एझिमाला स्थित भारतीय नौसेना अकादमी में शनिवार को आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान दोनों को कमीशन मिला। परेड का निरीक्षण राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया।

दोनों युवा मोहाली स्थित महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट के पूर्व कैडेट हैं। गुरदासपुर निवासी अनुताज सिंह के माता-पिता शिक्षक हैं। उनकी मां सरकारी हाई स्कूल माड़ी टांडा और पिता सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नौशहरा माजरा सिंह में कार्यरत हैं। वहीं, फतेहगढ़ साहिब निवासी अक्षांश अग्रवाल व्यवसायी परिवार से हैं।

संस्थान के निदेशक मेजर जनरल अजय एच. चौहान (सेवानिवृत्त) के अनुसार, दोनों की उपलब्धि के साथ संस्थान से प्रशिक्षण लेकर सशस्त्र सेनाओं में कमीशंड अधिकारी बनने वाले कैडेटों की संख्या 200 हो गई है, जिनमें 26 भारतीय नौसेना में सेवाएं दे रहे हैं। संस्थान अब एनडीए के साथ नौसेना की 10+2 कैडेट एंट्री योजना के लिए भी विशेष प्रशिक्षण दे रहा है और 17वें कोर्स के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी है। दसवीं कक्षा के इच्छुक विद्यार्थी 15 दिसंबर 2026 तक संस्थान की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 3 जनवरी 2027 को होगी।

पंजाब के रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण मंत्री अमन अरोड़ा ने दोनों युवाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता साबित करती है कि संस्थान विभिन्न सामाजिक और आर्थिक पृष्ठभूमि के प्रतिभाशाली युवाओं को सेना में अधिकारी बनने के समान अवसर दे रहा है। उन्होंने दोनों अधिकारियों को पूर्ण समर्पण और पेशेवर प्रतिबद्धता के साथ देश की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।