खरगोन जिले की ऐतिहासिक पर्यटन नगरी महेश्वर में नर्मदा तट स्थित अहिल्या घाट पर आयोजित 32वें तीन दिवसीय निमाड़ उत्सव का समापन अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के साथ हुआ। गुरुवार रात नौ बजे शुरू हुआ कवि सम्मेलन शुक्रवार तड़के तक चला। आयोजन में निमाड़ की लोक संस्कृति, भक्ति संगीत, पारंपरिक नृत्य, कुश्ती, रंगोली और साहित्य की झलक देखने को मिली। उत्सव का आयोजन जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी, मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद ने जिला प्रशासन के सहयोग से किया।
उत्सव की शुरुआत 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मां नर्मदा की महाआरती के साथ हुई। महेश्वर विधायक राजकुमार मेव और कलेक्टर गुरु प्रसाद ने महाआरती कर तीन दिवसीय आयोजन का शुभारंभ किया। पहले दिन प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी की भजन संध्या मुख्य आकर्षण रही। इसके अलावा निमाड़ी गायन और नर्मदा आरती की प्रस्तुतियां हुईं। दूसरे दिन संत सिंगाजी महाराज की महिमा और निमाड़ी गणगौर परंपरा पर आधारित नृत्य-नाट्य 'खेती खेड़ो हरिनाम की' प्रस्तुत किया गया। इसके बाद निमाड़ी कवि सम्मेलन में स्थानीय कवियों ने मां नर्मदा, संत परंपरा, पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक सरोकारों पर रचनाएं सुनाईं।
तीसरे दिन रंगोली, कुश्ती और नौका सज्जा प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। रंगोली में देवी अहिल्याबाई होल्कर और संत सियाराम बाबा के आकर्षक चित्र बनाए गए, वहीं बालक और बालिका वर्ग के अलग-अलग भार वर्गों में कुश्ती के मुकाबले हुए। अंतिम शाम खरगोन की प्रीति कनाड़े और साथी कलाकारों ने गणगौर नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि गांधीनगर के धीरज राठौर और उनकी टीम ने मणियारो रास नृत्य की प्रस्तुति दी।
अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में जोधपुर की आयुषि रखेचा, धार के जानी बैरागी, उन्नाव के स्वयं श्रीवास्तव, लखनऊ के प्रख्यात मिश्रा और राजसमंद के सुनील व्यास ने काव्य पाठ किया। डूंगरपुर के विपुल विद्रोही ने सम्मेलन का संचालन किया। समापन पर विधायक राजकुमार मेव ने कवियों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। आयोजन में कलेक्टर गुरु प्रसाद, एसपी डॉ. रविंद्र वर्मा, जिला पंचायत सीईओ मिलिंद कुमार नागदेवे और एसडीएम पूर्वा मंडलोई सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
