पूर्वी दिल्ली के मंडोली में एक युवक के पेट में चाकू घोंपने के आरोप में हर्ष विहार थाना पुलिस ने उमेश नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को वारदात के करीब 12 घंटे के भीतर पकड़ा गया। आरोपी मंडोली एक्सटेंशन का निवासी है और पुलिस के मुताबिक वह पहले भी हत्या के एक मामले में शामिल रहा है।
पुलिस को शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे चार खंभा, मंडोली के पास चाकूबाजी की सूचना मिली थी। घायल संदीप उर्फ अमन (27 वर्ष) को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस ने पहुंचकर उसका बयान दर्ज किया। संदीप ने बताया कि करीब 40-45 दिन पहले उसके भाई रोबिन और उमेश के बीच झगड़ा हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते विवाद के दौरान उमेश ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
घायल के बयान पर हर्ष विहार थाने में 21 नवंबर को हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसएचओ तेज दत्त गौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कई ठिकानों पर छापामारी कर आरोपी उमेश को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद करने का प्रयास कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
