मुरादाबाद की ड्रोन दीदियों को अब खेतों तक ड्रोन पहुंचाने में परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। उन्हें ड्रोन ले जाने के लिए कार्गो वैन उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए करीब दस लाख रुपये के बजट की व्यवस्था की गई है। डीसी मनरेगा आरपी भगत के अनुसार, वैन के लिए सीएसआर फंड से बजट की व्यवस्था की गई है, जबकि शेष धनराशि समूह को वहन करनी होगी।
जिले में हिमानी और गार्गी नाम की दो ड्रोन दीदियों को ड्रोन उपलब्ध कराए गए हैं। ये दोनों ड्रोन के जरिये किसानों के खेतों में रासायनिक दवाओं और नैनो यूरिया का छिड़काव करती हैं। साथ ही ये महिलाओं और किसानों को आधुनिक तकनीक से खेती करने के प्रति जागरूक भी कर रही हैं।
ड्रोन से छिड़काव के काम से दोनों महिलाओं को आमदनी हो रही है, जिससे उनकी आजीविका चल रही है। डीसी मनरेगा ने बताया कि कार्गो वैन मिलने से ड्रोन दीदियों के काम को गति मिलेगी और उनकी आय बढ़ाने में भी मदद होगी।
