हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन में पंचायत समिति (बीडीसी) अध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित रीना रानी सर्वसम्मति से निर्वाचित हुईं। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित विजय अतुल ने एक वोट के अंतर से जीत दर्ज की।
अध्यक्ष पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित था। ओबीसी वार्ड फस्टे से रीना रानी चुनाव जीती थीं। भूपंल की पूजा कुमारी भी कांग्रेस की विचारधारा से जीतकर आई थीं और मंढियार वार्ड की कमलेश कुमारी भी कांग्रेस में शामिल हो गई थीं। इस कारण भाजपा के पास प्रत्याशी उतारने का विकल्प नहीं बचा और आम सहमति से रीना रानी को अध्यक्ष घोषित किया गया।
उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से विजय अतुल और कांग्रेस की ओर से केवल कृष्ण को प्रत्याशी बनाया गया था। कुल 27 सदस्यों में से विजय अतुल को 14 और केवल कृष्ण को 13 मत मिले। एसडीएम विकास शुक्ला ने बताया कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न करवाया गया है।
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने नवनियुक्त अध्यक्ष रीना रानी को सहपरिवार बधाई दी है। नादौन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद ने कहा कि यह जीत मुख्यमंत्री सुक्खू की विकास योजनाओं की है। भाजपा के पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने उपाध्यक्ष बनने पर विजय अतुल को बधाई दी है।
