संसद के शीतकालीन सत्र से पहले परिसीमन से जुड़े विधेयक को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने कहा है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम बहुत जल्द लागू किया जाएगा। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 में पारित हो चुका है, लेकिन अभी लागू नहीं हुआ है।

रविवार को चंडीगढ़ में पार्टी कार्यकर्ताओं से बात करते हुए नवीन ने कहा कि महिलाओं के स्वाभिमान और सुरक्षा के साथ-साथ उन्हें उनके अधिकारों के मामले में भी आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में पार्टी जो संकल्प लेती है, सरकार उसे पूरा करती है।

अटकलें हैं कि केंद्र सरकार संसद के विशेष सत्र या शीतकालीन सत्र में परिसीमन से जुड़ा विधेयक पेश कर सकती है। सूत्रों के हवाले से बताया गया था कि शीतकालीन सत्र दिसंबर के पहले सप्ताह में शुरू हो सकता है। प्रस्तावित विधेयकों का उद्देश्य परिसीमन के जरिये लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़ाकर अधिकतम 850 करना और 2029 के आम चुनाव से पहले संसद तथा राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का रास्ता साफ करना बताया जा रहा है। विपक्ष की मांग है कि महिलाओं के लिए आरक्षण मौजूदा सीटों की संख्या पर ही मिले। भाजपा पहले भी कह चुकी है कि बगैर परिसीमन आरक्षण लागू करना संभव नहीं है।

विधेयक पारित कराने के लिए सरकार को दो-तिहाई बहुमत जुटाना होगा। मौजूदा 540 सदस्यीय लोकसभा में इसके लिए 361 मतों की आवश्यकता होगी, जबकि तीन सीटें रिक्त हैं। खबरों के मुताबिक, एनडीए के पास करीब 320 सदस्य हैं, ऐसे में सरकार को विपक्ष के कुछ दलों का समर्थन हासिल करना होगा। सरकार के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने भरोसा जताया था कि विधेयक 15 से 18 मतों के अंतर से पारित हो जाएगा। वहीं, एनडीए के एक सांसद ने कहा था कि जब तक सदन में कामकाज सुचारू रूप से नहीं चलेगा, तब तक संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा और मतदान कराना मुश्किल होगा। खबरों के मुताबिक, विपक्षी दलों ने अपने सांसदों से लंबे कार्यक्रमों में व्यस्तता से बचने को कहा है। कांग्रेस के एक सांसद ने बताया था कि सांसदों को स्पष्ट रूप से दिल्ली में ही रहने को नहीं कहा गया है, लेकिन यह सलाह दी गई है कि जरूरत पड़ने पर वे एक दिन के नोटिस पर दिल्ली में उपलब्ध हो जाएं।