लखनऊ में सोमवार (23 नवंबर) को भाजपा प्रदेश कार्यालय में कोर कमेटी की बैठक हुई, जिसमें चुनावी तैयारियों का खाका तैयार किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसएसआर (स्पेशल समरी रिवीजन) के जरिए छूटे वोटों को जोड़ने के लिए आक्रामक अभियान चलाने और लाभार्थियों से संपर्क कर चुनावी अभियान को धार देने पर जोर दिया। बैठक में एसएसआर की प्रगति रिपोर्ट संतोषजनक नहीं मिलने पर इसे तेज करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सहयोगी दलों के साथ समन्वय और उनकी अपेक्षाओं पर चर्चा हुई। एनडीए घटक दलों के रुख को लेकर भी बात उठी। बताया गया कि निषाद पार्टी के मुखिया संजय निषाद आरक्षण के मुद्दे पर कई बार मंत्री पद छोड़ने की बात कह चुके हैं, जबकि मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अपने दल के लिए ज्यादा सीटों की मांग की है। राष्ट्रीय लोकदल के साथ नजदीकियां बढ़ने और अपना दल-एस की खामोशी से नए संकेत उभरने की बात भी बैठक में सामने आई।
गांवों में चौपाल लगाकर चुनावी अभियान को धार देने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। इसके जरिए सांसद और विधायक प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था, अपराधियों पर सख्ती और अन्य उपलब्धियां बताएंगे। महिलाओं और युवाओं को प्रतिनिधित्व बढ़ाने तथा युवा संवाद कार्यक्रम की नई समीक्षा पर भी विचार किया गया। कई वर्तमान विधायकों के टिकट काटने की चर्चा के बीच क्षेत्रों से आए फीडबैक पर बातचीत की गई और 2017, 2019, 2022 एवं 2024 के चुनावों में विधानसभा वार प्रदर्शन की समीक्षा हुई।
बैठक में ‘राधे-राधे कमल खिला दे’ जैसे नए नारों की उपयोगिता और अपील पर भी विमर्श किया गया। संगठन में अहम पदों पर रहे अनुभवी चेहरों को जल्द नई भूमिकाओं के साथ मैदान में उतारने की बात कही गई। प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के साथ अभियानों और कार्यक्रमों की समीक्षा की। बैठक में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी शामिल हुए।
