भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल अपनी हवाई क्षमता बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं। दोनों बल पुराने चेतक और चीता हेलीकॉप्टरों की जगह नए यूटिलिटी हेलीकॉप्टर शामिल करेंगे। रक्षा सूत्रों के मुताबिक, इस खरीद पर करीब 15 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। कुल 76 हेलीकॉप्टर खरीदे जाएंगे, जिनमें से 51 नौसेना और 25 तटरक्षक बल को मिलेंगे। इन हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल समुद्री निगरानी, टोही अभियानों और आपात स्थिति में बचाव कार्यों के लिए किया जाएगा।

रक्षा सूत्रों के अनुसार, 76 यूटिलिटी हेलीकॉप्टरों की खरीद के प्रस्ताव पर रक्षा मंत्रालय की आगामी उच्चस्तरीय बैठक में चर्चा होगी। यह खरीद रक्षा अधिग्रहण प्रक्रिया की 'बाय एंड मेक (इंडियन)' श्रेणी के तहत की जाएगी। इसका मतलब है कि भारतीय कंपनियां विदेशी मूल उपकरण निर्माताओं के साथ मिलकर हेलीकॉप्टरों का निर्माण भारत में करेंगी। इस व्यवस्था में विदेशी कंपनियों की तकनीक और भारतीय कंपनियों की निर्माण क्षमता का इस्तेमाल होगा, ताकि देश में रक्षा उत्पादन को बढ़ावा मिले और विदेशी उपकरणों पर निर्भरता कम हो।

नए हेलीकॉप्टर पांच टन से अधिक वजन उठाने वाली श्रेणी के होंगे। इनके अलावा नौसेना की एक अलग योजना भी चल रही है, जिसके तहत हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) से 60 यूटिलिटी हेलीकॉप्टर मरीन यानी यूएच मरीन खरीदने की तैयारी है। एचएएल इन हेलीकॉप्टरों को स्वदेशी तकनीक से विकसित करने पर काम कर रहा है। इससे पहले नौसेना ने 111 हेलीकॉप्टर खरीदने की योजना बनाई थी, लेकिन वह आगे नहीं बढ़ सकी।

दोनों बलों के मौजूदा दो इंजन वाले चेतक और चीता हेलीकॉप्टरों को संचालन के दौरान कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, इसी वजह से नए हेलीकॉप्टरों की जरूरत महसूस की जा रही है। समुद्र में जहाजों और नावों के संकट में फंसने पर लोगों को बचाने, खोज अभियान चलाने और समुद्री क्षेत्रों की निगरानी में इन हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में 76 नए हेलीकॉप्टरों की खरीद से नौसेना और तटरक्षक बल की निगरानी तथा बचाव क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।