बिहार सरकार ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को गया जिले में दो पत्थर खदानों का आवंटन किया है। खान एवं भू-तत्व विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, गया की जिला सर्वेक्षण रिपोर्ट में चिह्नित सात पत्थर खनन क्षेत्रों में से छठे और सातवें क्षेत्र NHAI को दिए गए हैं। दोनों खदानों के लिए खनन पट्टे की अवधि दो वर्ष निर्धारित की गई है। पहले वर्ष की बंदोबस्ती राशि निर्धारित न्यूनतम सुरक्षित मूल्य के आधार पर तय होगी, और NHAI को जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) तथा अन्य देय शुल्क भी देना होगा।
यह आवंटन आमस-दरभंगा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-119D) और रामजानकी मार्ग के सिवान-मशरख खंड के निर्माण को गति देने के लिए किया गया है। पथ निर्माण विभाग ने इन परियोजनाओं के लिए पत्थर खनन की अनुमति मांगी थी, क्योंकि सामान्य प्रक्रिया में खनन पट्टा मिलने में अधिक समय लग सकता था। राज्य सरकार ने लोकहित में विशेष व्यवस्था करते हुए समय पर पत्थर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया, ताकि निर्माण कार्य में देरी न हो। खदानों से निकले पत्थर का इस्तेमाल केवल निर्धारित सड़क परियोजनाओं में होगा और इसे खुले बाजार में बेचने की अनुमति नहीं होगी।
विभाग के अनुसार, आमस-दरभंगा मार्ग के निर्माण से स्वर्णिम चतुर्भुज (NH-19) और पूर्व-पश्चिम गलियारे (NH-27) के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा, जिससे राज्य के विभिन्न हिस्सों में सड़क संपर्क बेहतर होगा। रामजानकी मार्ग के सिवान-मशरख खंड को चार लेन में विकसित किया जा रहा है। इसके पूरा होने से अयोध्या से सीतामढ़ी स्थित पुनौरा धाम तक आवागमन सुगम होगा और धार्मिक तथा पर्यटन स्थलों के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा।
राज्य सरकार ने खदानों के इस्तेमाल को लेकर शर्तें भी तय की हैं। NHAI को सभी आवश्यक अनापत्तियां प्राप्त करने के बाद गया के जिलाधिकारी के साथ इकरारनामा करना होगा। पत्थर की ढुलाई केवल ई-चालान के माध्यम से होगी, जिसमें संबंधित सड़क परियोजना के गंतव्य स्थल का उल्लेख अनिवार्य होगा। शर्तों का उल्लंघन या निर्धारित शुल्क का भुगतान न करने की स्थिति में खनन पट्टा रद किया जा सकता है।
