केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने पर उठ रहे सवालों का जवाब दिया है। नई दिल्ली में 14वें सीआईआई बायोएनर्जी समिट को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से कारों को कोई नुकसान नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा, "अब किसी की कार खराब नहीं हो रही है। अब कार ठीक है।" मंत्री ने आरोप लगाया कि दो से तीन महीने पहले इथेनॉल के खिलाफ पैसे देकर एक अभियान चलाया गया, जिसका मकसद वाहन मालिकों के मन में डर और भ्रम पैदा करना था।

गडकरी ने आरोप लगाया कि कुछ लॉबी अपने कारोबारी हितों के चलते इथेनॉल मिलाने की पहल का विरोध कर रही है। उनका इशारा तेल आयात से जुड़े हितों की तरफ था। उन्होंने वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने की जरूरत पर जोर दिया, ताकि भारत की आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता घटे।

इससे पहले अगस्त में गडकरी ने संसद में कहा था कि ई20 पेट्रोल पुरानी गाड़ियों के लिए भी सुरक्षित है, जिनमें 1 अप्रैल 2017 से पहले बनी और पंजीकृत गाड़ियां भी शामिल हैं। यह जवाब डीएमके सांसद कॉन्स्टेंटाइन रविंद्रन के सवाल पर दिया गया था। गडकरी ने बताया था कि प्रयोगशाला अध्ययन और फील्ड ट्रायल में इस ईंधन से वाहनों में असामान्य टूट-फूट या परफॉर्मेंस में बड़ा बदलाव सामने नहीं आया। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया था कि ई20 पेट्रोल से माइलेज में 2 से 6 फीसदी तक कमी आ सकती है।

समिट में गडकरी ने मेथनॉल, बायोडीजल और हाइड्रोजन जैसे वैकल्पिक ईंधनों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने करीब 3,000 नए गोबरधन प्लांट लगाने की योजना का जिक्र किया, जिनसे जैविक कचरे को ऊर्जा में बदला जा सकेगा। इसके अलावा इथेनॉल से विमानन ईंधन बनाने, कार्बन डाइऑक्साइड को यूरिया में बदलने और डाइमिथाइल ईथर (डीएमई) को एलपीजी के विकल्प के तौर पर इस्तेमाल करने की संभावनाओं पर भी बात की।