हिमाचल प्रदेश कैडर के 2014 बैच के आईएएस अधिकारी पंकज राय ने सरकारी सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली है। प्रदेश सरकार ने 21 नवंबर को जारी अधिसूचना के तहत उन्हें इसी दिन से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति प्रदान की और तीन महीने का पूर्व नोटिस देने की अनिवार्यता से छूट भी दी। कार्मिक विभाग की यह अधिसूचना मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत के आदेश से जारी हुई।

जिला कुल्लू के ढालपुर निवासी पंकज राय को हिमाचल प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (एचपीईआरसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। आयोग के अध्यक्ष के रूप में उनका कार्यकाल पांच वर्ष या 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक रहेगा, जो भी पहले हो। 59 वर्षीय पंकज राय का जन्म नौ जुलाई 1967 को हुआ है।

पंकज राय ने पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की और फाइनांस में एमबीए किया। वे 2000 में एचएएस अधिकारी बने और इस दौरान 11 साल एसडीएम के पद पर रहे। 2014 में वे आईएएस अधिकारी बने। इससे पहले वे चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में उप निदेशक (प्रशासन) के पद पर सेवाएं दे रहे थे। इसके अलावा वे बिलासपुर और लाहुल स्पीति में उपायुक्त, शिमला नगर निगम आयुक्त तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं।

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने धर्मशाला में पंकज राय को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और सफल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नवनियुक्त अध्यक्ष निष्ठा, ईमानदारी एवं दक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे और प्रदेश के विद्युत क्षेत्र के नियामक ढांचे को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में कार्य करेंगे।